'सरकार की ओर से दी गई मामूली मदद', नाराज किसान ने महाराष्ट्र के सीएम को भेजा 5 हजार का मनी ऑर्डर
धाराशिव के एक किसान ने सूखा प्रभावितों को मिली कम सहायता के विरोध में मुख्यमंत्री फडणवीस को 5,000 रुपये का मनी ऑर्डर भेजा।

किसान ने फडणवीस को भेजा 5 हजार का मनी ऑर्डर।
डिजिटल डेस्क, छत्रपति संभाजीनगर। महाराष्ट्र सरकार की ओर से सूखा प्रभावित किसानों के लिए घोषित 'बहुत कम' अंतरिम आर्थिक सहायता से नाराज धाराशिव जिले के एक सोयाबीन किसान ने विरोध जताने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को 5,000 रुपये का मनी ऑर्डर भेजा है।
सीएम फडणवीस ने बुधवार को घोषणा की कि दिवाली से पहले किसानों के बैंक खातों में सीधे 5,000 रुपये की शुरुआती राहत राशि जमा की जाएगी। यह कदम तब उठाया गया है जब महाराष्ट्र के 85 प्रतिशत से अधिक तालुकाओं को सूखाग्रस्त घोषित कर दिया गया है।
सीएम फडणवीस ने क्यों लिया ये फैसला?
राज्य सरकार ने सूखा प्रभावित सूची में 40 और तालुकों को शामिल किया है, जिससे महाराष्ट्र में प्रभावित उप-मंडलों की कुल संख्या 358 में से 305 हो गई है। फडणवीस ने कहा था कि किसानों को 5,000 रुपये देने का फैसला इसलिए लिया गया ताकि आने वाले त्योहार से पहले उन्हें तुरंत मदद मिल सके, क्योंकि पूरी प्रशासनिक जांच और केंद्र की मूल्यांकन प्रक्रिया में समय लगता है और दिवाली से पहले इसे कानूनी रूप से पूरा नहीं किया जा सकता।
दोस्त से उधार लेकर भेजे पैसे
धाराशिव तहसील के सुरदी गांव के एक किसान चांद शेख ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री को 5,000 रुपये का मनी ऑर्डर भेजा है। शेख ने दावा किया कि सोयाबीन की फसल से उन्हें केवल 3,900 रुपये की कमाई हुई और मनी ऑर्डर भेजने के लिए उन्होंने एक दोस्त से 1,100 रुपये उधार लिए।
शेख ने सुरदी डाकघर के बाहर पत्रकारों को बताया, "मैंने अपने 1.5 एकड़ खेत में सोयाबीन की फसल उगाई थी। इसमें मेरे 25,000 रुपये खर्च हुए और मुझे 60 किलो की पैदावार मिली। मैं केवल 3,900 रुपये ही कमा सका। मनी ऑर्डर भेजने के लिए मैंने अपने दोस्त से 1,100 रुपये उधार लिए।" खुद को किसान का दोस्त बताने वाले एक व्यक्ति ने कहा कि उसने शेख को 1,100 रुपये उधार दिए थे।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र में खुले मसाला पाउडर की बिक्री पर प्रतिबंध, हानिकारक रंगों के इस्तेमाल पर भी रोक
