फडणवीस ने जरांगे के आडियो क्लिप की फोरेंसिक जांच के दिए आदेश, तिलमिलाई शिवसेना
मुख्यमंत्री फडणवीस ने मनोज जरांगे के विवादित ऑडियो क्लिप की फोरेंसिक जांच के आदेश दिए हैं, जिससे शिवसेना में खलबली ...और पढ़ें

फडणवीस ने जरांगे के आडियो क्लिप की फोरेंसिक जांच के दिए आदेश (फाइल फोटो)
HighLights
मुख्यमंत्री फडणवीस ने जरांगे ऑडियो क्लिप की जांच के आदेश दिए।
शिवसेना ने एकनाथ शिंदे के खिलाफ साजिश का आरोप लगाया।
500 करोड़ रुपये के भुगतान को लेकर विवाद गहराया।
राज्य ब्यूरो, मुंबई। महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे द्वारा जारी विवादित आडियो क्लिप को लेकर सियासत गरमा गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को इस आडियो की फोरेंसिक जांच कराने के आदेश दिए, तो शिवसेना (शिंदे) की तिलमिलाहट सामने आ गई।
शिवसेना नेता रामदास कदम ने कहा कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को राजनीतिक रूप से खत्म करने की साजिश हो रही है। मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे पाटिल द्वारा प्रसारित क्लिप को लेकर दावा किया गया है कि शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे के माध्यम से उन तक 500 करोड़ रुपये पहुंचाए गए थे।
वहीं, शिवसेना नेता रामदास कदम ने आरोप लगाया कि भाजपा के एक धड़े ने जरांगे के साथ मिलकर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को राजनीतिक रूप से खत्म करने की साजिश रची है।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने नागपुर में महाराष्ट्र विधान परिषद की नागपुर स्नातक सीट के चुनाव में मतदान करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात कर मामले की जांच कराने की मांग की है।
भाजपा के कुछ नेताओं के नाम भी आडियो में सामने आने की बात कही जा रही है। पार्टी ने भी इन नेताओं को लेकर सवाल उठाए हैं।फडणवीस ने कहा कि इस मामले में कई सवाल हैं। ढाई साल बाद अचानक ऐसी बातचीत सामने आने के पीछे क्या वजह है? इसके पीछे किसका मकसद है और निशाने पर कौन है? इन सभी पहलुओं की जांच जरूरी है।
उन्होंने कहा कि शिवसेना, भाजपा और खुद जरांगे ने भी जांच की मांग की है। इसलिए आडियो की फोरेंसिक जांच कराई जाएगी, ताकि सच्चाई सामने आ सके। बता दें कि मनोज जरांगे ने गुरुवार को महाराष्ट्र के जालना में यह आडियो सार्वजनिक किया था।
उन्होंने दावा किया कि उन्हें चुप कराने और मराठा आरक्षण आंदोलन को कमजोर करने के लिए साजिश रची गई है। इससे पहले एकनाथ शिंदे ने जरांगे को उनके आरोप के सुबूत पेश करने की चुनौती दी थी। आडियो में कथित तौर पर एक महिला 500 करोड़ रुपये जरांगे तक पहुंचाए जाने की बात कहती सुनाई देती है।
