फेसबुक अधिकारियों ने आयरलैंड से किया फोन तो मुंबई में बची आत्महत्या करने वाले शख्स की जान
Live suicide on Facebook आयरलैंड में बैठे फेसबुक अधिकारियों ने दिल्ली पुलिस को फोन करके मुंबई में लाइव आत्महत्या करने वाले शख्स की बचायी जान।
मुंबई, एएनआइ। महाराष्ट्र पुलिस ने शनिवार को मुंबई में फेसबुक पर लाइव आत्महत्या का प्रयास करने वाले शख्स की जान बचायी। डीसीपी (साइबर सेल) रश्मि करंदीकर ने बताया कि, "आयरलैंड में बैठे फेसबुक अधिकारियों ने दिल्ली पुलिस के साथ इस शख्स का विवरण साझा किया क्योंकि दिल्ली का ये फोन नंबर फेसबुक अकाउंट से जुड़ा हुआ था।
इसके पश्चात दिल्ली पुलिस ने पूर्वी दिल्ली के मंडावली स्थित इस शख्स के घर संपर्क किया। घर में इस शख्स की पत्नी मौजूद थी, जांच पड़ताल में पता चला कि वह अपनी पत्नी के फेसबुक अकांउट का प्रयोग करता है और इस समय मुंबई में है। दिल्ली पुलिस ने तुरंत मुंबई पुलिस से संपर्क साधा। मुंबई पुलिस बगैर समय गंवाये इस शख्स के पास पहुंचने में कामयाब रही। पुलिस ने इस शख्स को समझाया और आत्महत्या को लेकर शख्स की काउंसलिंग भी करवायी। फेसबुक, दिल्ली पुलिस और मुंबई पुलिस के साझा प्रयासों के बाद युवक की जान बच गई।
परिवार के लोग युवक के जान बचने से बेहद खुश हैं। इस मामले में दिल्ली पुलिस की साइबर सेल के उपायुक्त डॉ. अनीश रॉय ने बताया कि ये घटना शनिवार शाम करीब 7 बजकर 51 मिनट की है आयरलैंड से फेसबुक अधिकारियों का फोन आया, फोन करने वाली महिला ने बताया कि एक शख्स फेसबुक पर आत्महत्या का प्रयास कर रहा है और उसके फेसबुक अकांउट की लोकेशन दिल्ली आ रही है।
दिल्ली पुलिस ने उनके द़वारा दिये गये मोबाइल नंबर की छानबीन कर घर का पता निकाला, ये नंबर पूर्वी दिल्ली के मंडावली इलाके का था। वहां की लोकल पुलिस को तुरंत इस पते पर भेजा गया। घर में मौजूद इस शख्स की पत्नी ने बताया कि ये फेसबुक अकांउट मेरा है लेकिन मेरे पति इस्तेमाल करते हैं। 14 दिन पहले वह उससे लड़ाई करने के बाद मुंबई चले गये थे और अभी वहीं पर हैं। महिला ने अपने पति का नंबर दिया, लेकिन वह उसका पता नहीं बता पायी। उपायुक्त अनीश रॉय ने फौरन मुंबई साइबर सेल के पुलिस उपायुक्त बाल सिंह राजपूत और डॉ. रश्मि से इस बारे में संपर्क किया। जब इस फोन पर बातचीत करने का प्रयास किया गया तो इस शख्स ने तुरंत फोन बंद कर दिया। फौरन एक टीम को भाईंदर, मुंबई उसके घर भेजा गया। युवक ने बताया कि वह होटल में कुक का काम करता है, अपनी जिंदगी से परेशान होकर वह यह कदम उठाना चाहता था।