साइबर ठगों के 30 हजार करोड़ खपाने वाला मास्टरमाइंड गोवा से गिरफ्तार, PMLA कोर्ट ने आरोपी को ED की हिरासत में भेजा
ईडी ने साइबर धोखाधड़ी से जुड़े ₹30,000 करोड़ के लेनदेन में शामिल मुकेश कुमार पुखराज जैन को गिरफ्तार किया है।

ईडी ने 30,000 करोड़ रुपये साइबर धोखाधड़ी मामले में मुकेश जैन को पकड़ा।
HighLights
ईडी ने ₹30,000 करोड़ साइबर धोखाधड़ी मामले में मुकेश जैन को पकड़ा।
जैन पर कमीशन लेकर ठगी गई रकम खपाने का आरोप है।
जांच गोवा में डिजिटल अरेस्ट धोखाधड़ी से शुरू हुई थी।
डिजिटल डेस्क, पणजी। साइबर ठगों के तीस हजार करोड़ रुपये खपाने वाला शुक्रवार को ईडी के हत्थे चढ़ गया। देशभर में साइबर धोखाधड़ी और डिजिटल अरेस्ट के जरिये ठगी गई रकम के लेनदेन से जुड़े मामले में ईडी ने मुकेश कुमार पुखराज जैन उर्फ मुकेश भाई को शुक्रवार को गिरफ्तार किया है।
विशेष पीएमएलए अदालत ने उसे 19 अक्टूबर तक ईडी की हिरासत में भेज दिया है। आरोप है कि मुकेश जैन कमीशन लेकर दलालों के माध्यम से साइबर ठगों के नेटवर्क से जुड़े बैंक खातों में आरटीजीएस के जरिये रकम जमा कराने की व्यवस्था करता था। ईडी इस मामले में करीब 30 हजार करोड़ रुपये के संदिग्ध वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है। जांच गोवा पुलिस द्वारा नौ जून, 2025 को दर्ज प्राथमिकी के बाद शुरू हुई थी।
आरोप है कि साइबर ठगों ने गोवा की एक महिला को डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाकर 21 मई से दो जून, 2025 के बीच गुप्त निगरानी खातों में 2.60 करोड़ रुपये हस्तांतरित करा लिए थे। जांच में पता चला कि ठगी की रकम करीब 400 बैंक खातों में पहुंचाई गई। इसके बाद नकदी निकाली गई और उसे विदेशी मुद्रा में बदला गया।
ईडी के अनुसार, नेटवर्क से जुड़ी कारोबारी इकाइयों ने 27,850 करोड़ रुपये से अधिक के बैंकिंग लेनदेन किए, जबकि 2,904 करोड़ रुपये नकद जमा किए गए। एजेंसी ने बताया कि इन इकाइयों के बैंक खातों का संबंध 20 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में दर्ज 163 प्राथमिकी तथा लगभग 300 साइबर धोखाधड़ी शिकायतों से सामने आया है।
इन मामलों में कुल 417.49 करोड़ रुपये के नुकसान की सूचना है। डिजिटल अरेस्ट में साइबर अपराधी खुद को पुलिस या जांच एजेंसियों का अधिकारी बताकर आडियो अथवा वीडियो काल के जरिये लोगों को डराते हैं और पैसे ट्रांसफर करने का दबाव बनाते हैं।
भारत में डिजिटल अरेस्ट की कोई कानूनी व्यवस्था नहीं है। ऐसी धोखाधड़ी होने पर पीड़ित साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या वेबसाइट साइबरक्राइम डाट जीओवी डाट इन पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
केरलम में महिला से 1.35 करोड़ की ठगीकेरलम के कोझिकोड में 57 वर्षीय महिला से साइबर ठगों ने 1.35 करोड़ रुपये ठग लिए। आरोपितों ने खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर उसे आपराधिक मामलों में फंसाने की धमकी दी।
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर से 15 अक्टूबर के बीच महिला को वाट्सएप पर काल आए। ठगों ने आरबीआइ में सत्यापन के नाम पर 13 बार में 1.35 करोड़ रुपये ट्रांसफर करा लिए। मामले की जांच जारी है।
सोर्स- न्यूज एजेंसी PTI के इनपुट के अनुसार
