विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'MVA सरकार ने आंखें मूंदे रखीं', दिशा सालियान केस में बीजेपी ने उद्धव ठाकरे पर साधा निशाना

Published: Tue, 15 Sep 2026 07:34 PM (IST)

सीबीआई द्वारा दिशा सालियान मौत मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद भाजपा विधायक राम कदम ने तत्कालीन महाविकास आघाड़ी ...और पढ़ें

दिशा सालियान केस में बीजेपी ने उद्धव ठाकरे पर साधा निशाना। (एएनआई)

दिशा सालियान केस में बीजेपी ने उद्धव ठाकरे पर साधा निशाना। (एएनआई)

HighLights

  1. CBI ने दिशा सालियान मौत मामले में प्राथमिकी दर्ज की।

  2. भाजपा विधायक राम कदम ने उद्धव ठाकरे सरकार पर आरोप लगाए।

  3. कदम ने कहा MVA सरकार ने न्याय की मांग को अनदेखा किया।

राज्य ब्यूरो, मुंबई। दिशा सालियान मौत मामले में सीबीआई द्वारा प्राथमिकी दर्ज किए जाने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

भाजपा विधायक राम कदम ने मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली तत्कालीन महाविकास आघाड़ी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दिशा सालियान के पिता द्वारा लगातार न्याय की मांग और हत्या की आशंका जताए जाने के बावजूद तत्कालीन सरकार ने मामले में आंखें मूंदे रखीं।

पुलिस पर भी उन्होंने मामले को दबाने और संबंधित लोगों को बचाने का आरोप लगाया।

राम कदम ने साधा उद्धव ठाकरे पर निशाना

राम कदम ने कहा है कि दिशा की मौत के बाद उनके पिता सतीश सालियान कई बार सामने आए थे। उन्होंने अपनी बेटी के साथ अत्याचार और यातना किए जाने तथा उसकी हत्या की आशंका जताई थी। उन्होंने सामूहिक दुष्कर्म की आशंका भी व्यक्त की थी। इसके बावजूद उस समय मामला दर्ज क्यों नहीं किया गया, इसका जवाब तत्कालीन सरकार को देना चाहिए।

तत्कालीन सरकार ने प्राथमिकी क्यों नहीं दर्ज की- राम कदम

भाजपा विधायक ने एक कथित स्टिंग ऑपरेशन का हवाला देते हुए दावा किया कि पोस्टमार्टम के दौरान मौजूद रहे एक व्यक्ति ने दिशा के शरीर पर अलग-अलग चोटों और खरोंचों की बात कही थी। राम कदम ने सवाल उठाया कि यदि तत्कालीन सरकार किसी को बचाने का प्रयास नहीं कर रही थी तो इन आरोपों के आधार पर प्राथमिकी क्यों नहीं दर्ज की गई।

जांच सीबीआई को क्यों नहीं सौंपी गई- राम कदम

उन्होंने सवाल किया है कि मामले में राजनेताओं, अभिनेताओं और अन्य लोगों के नाम सामने आने के बावजूद जांच सीबीआई को क्यों नहीं सौंपी गई। कानून सभी के लिए समान है और तत्कालीन सरकार ने जिन सवालों को नहीं उठाया, उसी कारण अब वह सवालों के घेरे में है।

हाई कोर्ट के आदेश पर CBI ने दर्ज की FIR

बता दें कि मुंबई उच्च न्यायालय के सोमवार के आदेश के बाद सीबीआई ने दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान के बयान के आधार पर मामले में प्राथमिकी दर्ज की है। दिशा, दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर थीं।