Maharashtra: पुणे में 13 से 23 जुलाई तक पूर्ण लॉकडाउन
Lockdown महाराष्ट्र में कोरोना के बढ़ते प्रकोप के चलते पुणे पिंपरी-चिंचवाड़ और ग्रामीण पुणे के कुछ हिस्सों में 13 जुलाई से 23 जुलाई तक पूर्ण लॉकडाउन की घोषणा की गई है।
मुंबई, एएनआइ। Lockdown: महाराष्ट्र के पुणे, पिंपरी-चिंचवाड़ और ग्रामीण पुणे के कुछ हिस्सों में 13 जुलाई से 23 जुलाई तक पूर्ण लॉकडाउन की घोषणा की गई है। इस दौरान केवल डेयरी, मेडिकल स्टोर और अस्पतालों जैसी आवश्यक सेवाओं से संबंधित दुकानें खुली रहेंगी। यह जानकारी शुक्रवार को पुणे मंडल के आयुक्त दीपक म्हैसेकर ने दी। इस बीच, पुणे म्युनिसिपल कमिशन के कमिश्नर शेखर गायकवाड़ के मुताबिक, 13-23 जुलाई से शहर में लॉकडाउन होगी। यह दो चरणों में होगा पहला 13 से 18 जुलाई के बीच जब केवल मेडिकल शॉप, डेयरियां और अस्पताल खुले रहेंगे।
उनके मुताबिक, दूसरे चरण में, 18 जुलाई से 23 जुलाई के बीच मेडिकल स्टोर, डेयरियों, अस्पतालों और आवश्यक सेवाओं को खुले रहने की अनुमति दी जाएगी। इस बीच, पुणे जिला कलेक्टर नवल किशोर राम ने बताया किपुणे जिले के ग्रामीण भागों में 22 गांवों की पहचान की गई है, जहां लॉकडाउन लागू किया जाएगा। पुणे और पिंपरी-चिंचवाड़ क्षेत्र के अलावा इन गांवों को जोड़ा जाएगा।
वहीं, महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजीत पवार ने कहा कि लोगों को अगले दो दिनों के भीतर आवश्यक वस्तुओं की खरीद करनी चाहिए, क्योंकि इसके बाद केवल आवश्यक सेवाएं ही खुली रहेंगी। यदि हमें श्रृंखला को तोड़ना है तो हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि लोगों के बीच कोई संपर्क न हो। आप इंग्लैंड का उदाहरण ले सकते हैं, उन्होंने फिर से लॉकडाउन लगाया है। कभी-कभी जब लोग नियमों का पालन नहीं करते हैं, तो इस तरह के कुछ निर्णय (लॉकडाउन) लेने पड़ते हैं। हम ठाणे में भी तालाबंदी लागू करते हैं। जब कुछ स्थानों पर मामले बढ़ते हैं, तो इस तरह का निर्णय लिया जाता है।
इधर, पिछले 48 घंटे में राज्य में पुलिसकर्मियों में कोरोना वायरस के 222 नए मामले सामने आए हैं और तीन मौतें हुई हैं। कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 5935 है, जिसमें 74 मौतें और 4715 ठीक हो चुके मामले शामिल हैं। यह जानकारी महाराष्ट्र पुलिस ने दी। महाराष्ट्र में गुरुवार को कोरोना के 6875 मामले सामने आए, जबकि 219 लोगों की मौैत दर्ज की गई। 68 मौतें अकेले मुंबई शहर में हुईं। इस दौरान 4067 लोग स्वस्थ होकर घर चले गए। राज्य में इस समय 93,673 सक्रिय मामले हैं। जबकि अब तक कुल 9,667 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में गुरुवार को जो नए मामले आए हैं उनमें मुंबई में 1268, पुणे में 1130, औरंगाबाद में 122 में दर्ज किए गए। मुंबई शहर में अब तक 89,124 लोग संक्रमित हो चुके हैं।