मुंबई के लोगों के लिए स्वच्छ हवा जरूरी, मशहूर हस्तियां फैलाएं जागरूकता : हाई कोर्ट
बॉम्बे हाई कोर्ट ने मुंबईवासियों के लिए स्वच्छ हवा की आवश्यकता पर जोर दिया और मशहूर हस्तियों से जागरूकता फैलाने की अपील की।

प्रदूषण को लेकर बॉम्बे हाई कोर्ट की अपील। (फाइल फोटो।)
HighLights
बॉम्बे हाई कोर्ट ने स्वच्छ हवा की जरूरत बताई।
मशहूर हस्तियों से जागरूकता फैलाने की अपील की।
अधिकारियों की धीमी गति पर कोर्ट ने चिंता जताई।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। बॉम्बे हाई कोर्ट ने मुंबई के लोगों के लिए स्वच्छ और ताजी हवा की जरूरत पर जोर दिया और मशहूर हस्तियों से स्वेच्छा से जागरुकता फैलाने की अपील की।
न्यायमूर्ति गिरीश कुलकर्णी और न्यायमूर्ति नीला गोखले की पीठ ने कहा कि वायु और ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए हाई कोर्ट के पहले के आदेशों को लागू करने में अधिकारियों ने शुरुआत में देरी की, लेकिन दिवाली से पहले प्रभावी कदम उठाए जाते प्रतीत हो रहे हैं।
कोर्ट ने कहा कि आदेशों का पालन करने के लिए सरकारी तंत्र ने बहुत धीमी गति से काम किया। मुंबई के लोगों को सांस लेने के लिए स्वच्छ और अच्छी हवा मिलनी चाहिए।
हाई कोर्ट शहर में वायु गुणवत्ता बिगड़ने और त्योहारों के दौरान ध्वनि प्रदूषण से जुड़ी चिंताओं को लेकर दायर कई याचिकाओं पर सुनवाई कर रहा था। शहर में बढ़ते प्रदूषण और धुंध पर चिंता जताते हुए कोर्ट ने स्पष्ट किया कि उसे त्योहार मनाने पर कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन उत्सव जिम्मेदारी के साथ मनाए जाने चाहिए।
