विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पहले कार से मारी टक्कर, फिर लोहे की रॉड से किया हमला; छत्रपति संभाजीनगर में युवक की हत्या कर खुद थाने पहुंचा आरोपित

Published: Fri, 23 Oct 2026 07:11 PM (IST)

छत्रपति संभाजीनगर में एक युवक देवेश दीक्षित की दिनदहाड़े बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपी पवन पराशर ने पहले ...और पढ़ें

छत्रपति संभाजीनगर में युवक की हत्या (यह तस्वीर AI की मदद से बनाई गई है।)

छत्रपति संभाजीनगर में युवक की हत्या (यह तस्वीर AI की मदद से बनाई गई है।)

HighLights

  1. युवक देवेश दीक्षित की दिनदहाड़े बेरहमी से हत्या।

  2. आरोपी पवन पराशर ने टक्कर मार हॉकी-रॉड से हमला किया।

  3. हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और कारोबारी विवाद की आशंका।

राज्य ब्यूरो, मुंबई। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में गुरुवार को दिनदहाड़े एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। सिडको के एन-7 क्षेत्र में बजरंग चौक के पास आरोपित ने पहले कार से युवक के स्कूटर को टक्कर मारी, फिर सड़क पर गिरे युवक के सिर और चेहरे पर हॉकी स्टिक व लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार किए।

हमले में देवेश उर्फ बंटी दीक्षित की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपित पवन पराशर खुद सिडको पुलिस थाने पहुंच गया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल कार जब्त कर ली है।

पुलिस के अनुसार, बंटी जिम से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मंगेश गैस एजेंसी के पास पवन ने उनकी स्कूटर को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बंटी सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद आरोपित ने उन पर हॉकी स्टिक और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें लगने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और कारोबारी विवाद की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि बंटी मेस चलाने के साथ प्लाटिंग के कारोबार से भी जुड़े थे।

वहीं, आरोपित के साथ उनकी पहले दोस्ती थी। बाद में दोनों के बीच संबंध बिगड़ गए और प्रतिद्वंद्विता बढ़ गई। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारण की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

वारदात के बाद आरोपित के थाने पहुंचने पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने कार जब्त करने के साथ हमले में इस्तेमाल लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है।

आरोपित को अदालत में पेश किए जाने की प्रक्रिया के बीच पुलिस घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हत्या अचानक हुए विवाद का परिणाम थी या इसके पीछे पहले से कोई योजना बनाई गई थी।