Coronavirus: मुंबई में मास्क के बारे में पूछने पर तीन पुलिसकर्मियों पर हमला
Coronavirus मुंबई में 15 लोगों के समूह ने एक पुलिस सब इंस्पेक्टर और दो कांस्टेबल पर तेज धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
मुंबई, प्रेट्र। Coronavirus: मास्क के बारे में पूछने पर मुंबई में 15 लोगों के समूह ने एक पुलिस सब इंस्पेक्टर और दो कांस्टेबल पर तेज धारदार हथियारों से हमला कर दिया। यह घटना गुरुवार दोपहर को मध्य मुंबई के एंटोप हिल इलाके में घटी।
अधिकारियों ने बताया कि कोखरी अगार गरीब नवाज नगर में तैनात पुलिस ने मास्क नहीं पहने होने के कारण कुछ लोगों को रोक लिया। इन लोगों ने पुलिस टीम के साथ बहस शुरू कर दी और फिर धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। तीनों पुलिसकर्मी इस हमले में घायल हो गए।
हमला करने वालों के खिलाफ दंगे के साथ ही आइपीसी की धारा 307 (हत्या का प्रयास), 353 (सरकारी कर्मचारी के काम में बाधा डालना), 332 (सरकारी कर्मचारी को उसके काम से हटाना) के अलावा कोरोना महामारी कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी को गिरफ्तार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मुंबई में शुक्रवार को कोरोना के 933 नए मामले सामने आए और 24 मौतें हुई हैं, जिससे कुल पॉजिटिव मामले 17512 और कुल मौतें 655 हो गई हैं, 4658 रोगियों को अब तक छुट्टी दे दी गई है।
मुंबई के धारावी में 84 नए कोरोना पॉजिटिव मामले दर्ज किए गए, जिससे इस क्षेत्र में कुल मामलों की संख्या 1145 हो गई है। आज कोई नई मौत दर्ज नहीं की गई; धारावी में मरने वालों की कुल संख्या 53 है।
महाराष्ट्र में वीरवार को एक दिन में रिकॉर्ड 1,495 नए मामले सामने आए हैं। इनमें एशिया की सबसे बड़ी झोपड़पट्टी माने जाने वाली मुंबई की धारावी बस्ती में 66 नए मामले शामिल हैं। धारावी में अब तक एक हजार से ज्यादा संक्रमित पाए गए हैं और 40 लोगों की मौत हुई है। इस बस्ती में कोरोना के बढ़ते मामले सरकार की चिंता बढ़ा रहे हैं। राज्य में संक्रमितों की संख्या 25,922 हो गई है। अब तक 975 लोगों की मौत भी हुई है।