राज ठाकरे के बेटे ने पुणे कॉलेज से हटवाई पीएम मोदी की तस्वीर, भाजपा ने जताई आपत्ति
अमित ठाकरे ने पुणे के एक सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज में प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर हटवा दी, जिसे भाजपा ने प्रोटोकॉल का उल्लंघन बताया।

अमित ठाकरे ने हटवाई पीएम मोदी की तस्वीर
HighLights
अमित ठाकरे ने पुणे कॉलेज से हटवाई पीएम मोदी की तस्वीर।
भाजपा ने इसे सरकारी प्रोटोकॉल का उल्लंघन बताया, कार्रवाई की मांग।
अमित ठाकरे ने शिवाजी, आंबेडकर से तुलना को अनुचित बताया।
राज्य ब्यूरो, मुंबई। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे के पुत्र अमित ठाकरे द्वारा पुणे के एक सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर हटवाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है।
भाजपा ने इसे राजनीतिक मर्यादा और सरकारी प्रोटोकाल का उल्लंघन बताते हुए अमित ठाकरे के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की मांग की है।
अमित ठाकरे ने हटवाई पीएम मोदी की तस्वीर
अमित ठाकरे सोमवार को पुणे के सरकारी तंत्रनिकेतन महाविद्यालय के दौरे पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने प्राचार्य कार्यालय में छत्रपति शिवाजी महाराज और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की तस्वीरों के साथ प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर लगी देखी।
अमित ठाकरे ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की तस्वीर शिवाजी महाराज और बाबासाहेब आंबेडकर के बगल में नहीं लगाई जानी चाहिए। इसके बाद मनसे कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी की तस्वीर वहां से हटा दी।
मामले पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा प्रवक्ता नवनाथ बन ने अमित ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकारी संस्थानों में प्रधानमंत्री की तस्वीर लगाने का प्रोटोकॉल है।
नवनाथ बन ने तंज कसते हुए कहा कि अमित ठाकरे को पहले सरकारी प्रोटोकाल की जानकारी लेनी चाहिए थी। बन ने पुलिस से अमित ठाकरे के विरुद्ध मामला दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है।
अमित ठाकरे ने बाद में अपने कदम का बचाव करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की तस्वीर लगाने का सरकारी प्रोटोकाल हो सकता है। लेकिन छत्रपति शिवाजी महाराज और डॉ. आंबेडकर के साथ उनकी तस्वीर लगाना उचित नहीं है।
अमित ठाकरे का कहना था कि इन महान व्यक्तित्वों की तुलना प्रधानमंत्री से नहीं की जा सकती। विवाद बढ़ने के बीच कॉलेज में प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर दोबारा लगा दी गई है। उधर, तस्वीर हटाने को लेकर कालेज प्रशासन की ओर से पुलिस से शिकायत किए जाने की भी खबर है।
