विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'7 दिन में मांगें सार्वजनिक माफी, वरना चुकाएं 500 करोड़'; दिशा सालियान के पिता ने आदित्य ठाकरे को दी सीधी चुनौती

Published: Sat, 19 Sep 2026 09:06 PM (IST)

दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान ने शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे को 500 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजा है।

दिशा सालियान के पिता ने थमाया 500 करोड़ का मानहानि नोटिस

दिशा सालियान के पिता ने थमाया 500 करोड़ का मानहानि नोटिस

HighLights

  1. सतीश सालियान ने आदित्य ठाकरे को 500 करोड़ का नोटिस दिया।

  2. नोटिस में आपत्तिजनक बयानों पर माफी और हर्जाने की मांग।

  3. यह नोटिस आदित्य ठाकरे के आवास 'मातोश्री' पर सौंपा गया।

राज्य ब्यूरो, मुंबई। दिशा सालियान की मौत की जांच को लेकर चल रहे विवाद में दिशा के पिता सतीश सालियान अपने वकील निलेश ओझा और कानूनी टीम के साथ शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे के बांद्रा स्थित आवास ‘मातोश्री’ पहुंचे। यहां उन्होंने आदित्य ठाकरे को 500 करोड़ रुपए के मानहानि का नोटिस सौंपा।

नोटिस में सात दिनों के भीतर कथित आपत्तिजनक बयानों को वापस लेने, बिना शर्त सार्वजनिक एवं लिखित माफी मांगने तथा 500 करोड़ रुपए का हर्जाना देने की मांग की गई है। यह पहला अवसर है, जब ठाकरे परिवार के चर्चित निवास ‘मातोश्री’ के बाहर कोई इस तरह चुनौती देने पहुंचा, और शिवसैनिकों की ओर से कोई प्रतिरोध देखने को नहीं मिला।

पहले से घोषित कार्यक्रम के अनुसार सतीश सालियान और उनकी कानूनी टीम शनिवार शाम करीब चार बजे मातोश्री पहुंची। उनके साथ अधिवक्ता निलेश ओझा और कुछ जूनियर वकील भी थे। सतीश सालियान ने नोटिस स्वयं पहुंचकर देने का फैसला किया था। इससे पहले उन्होंने कहा था कि वह इस कदम के जरिए आम आदमी की ताकत दिखाना चाहते हैं।

सालियान और उनकी टीम के पहुंचने के बाद मातोश्री के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई। बड़ी संख्या में शिवसेना (यूबीटी) के कार्यकर्ता भी वहां जुटे, लेकिन वे शांत ही रहे।

रिपोर्टों के मुताबिक, सालियान और उनके वकीलों को आवास के भीतर प्रवेश नहीं दिया गया। इसके बाद नोटिस मुख्य द्वार के बाहर ही स्वीकार किया गया। आदित्य ठाकरे की ओर से उनके कानूनी प्रतिनिधि ने नोटिस लिया।

मानहानि नोटिस की पृष्ठभूमि 16 सितंबर को आदित्य ठाकरे की ओर से एक्स पर किए गए पोस्ट को बताया गया है। ठाकरे ने दिशा सालियान को जानने या उनसे मिलने से इनकार किया था। उन्होंने दिशा सालियान की मौत के मामले में उनके नाम को जोड़ने और दोबारा जांच की मांग को राजनीति से प्रेरित बताते हुए इसे चरित्र हनन की कोशिश करार दिया था।

सतीश सालियान ने इन टिप्पणियों को अपने और अपने परिवार की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाला बताया है।

सतीश सालियान ने नोटिस में आदित्य ठाकरे के अलावा महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख को भी निशाना बनाया गया है। दोनों से कथित बयान वापस लेने और बिना शर्त माफी मांगने की मांग की गई है। नोटिस में 500 करोड़ रुपए के मुआवजे की मांग भी की गई है। इसके अलावा सार्वजनिक माफी को व्यापक रूप से प्रकाशित और प्रसारित करने की भी मांग की गटी है।

नोटिस सौंपने के बाद अधिवक्ता निलेश ओझा ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि उन्हें पहले धमकियां दी गई थीं और वकालत जारी नहीं रखने देने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि इसी वजह से कानूनी टीम खुद मातोश्री पहुंची।

ओझा ने कहा कि वे किसी टकराव के लिए नहीं, बल्कि “आम आदमी की ताकत” दिखाने आए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि संविधान के सामने सभी बराबर हैं।

बता दें कि दिशा सालियान की मौत जून 2020 में मुंबई में हुई थी। वह अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर थीं। मामले में नए सिरे से जांच को लेकर सतीश सालियान की मांग के बाद विवाद फिर तेज हुआ है।

मुंबई उच्च न्यायालय के दो सितंबर के आदेश के बाद मामले में सीबीआई जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ी और सीबीआई द्वारा एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जबकि आदित्य ठाकरे ने अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों से इनकार किया है।