Mumbai: नेक काम से की नवजीवन की शुरुआत, क्वारंटाइन सेंटर में दान किए 50 बिस्तर
मुंबई के वसई में नवविवाहित जोड़े एरिक और मर्लिन ने अपने विवाह के दिन ही क्वारंटाइन सेंटर में मरीजों के लिए 50 बिस्तर दान में दिए।
मुंबई, एएनआइ। मुंबई में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती ही जा रही है। ऐसी संकट की घड़ी में विवाह के बंधन में बंधे मुंबई के वसई इलाके के एक नवविवाहित जोड़े एरिक और मर्लिन ने एक सराहनीय काम किया। इस जोड़े ने अपने विवाह के दिन ही क्वारंटाइन सेंटर में मरीजों के लिए 50 बिस्तर दान में दिए।
शादी के कार्यक्रम में बड़ा बदलाव
28 वर्षीय एरिक लोबो और 27 वर्षीय मर्लिन बीते आठ वर्षो से एक दूसरे से प्रेम करते हैं। इसी साल दोनों ने शादी का फैसला किया। उनकी शादी का आयोजन सर्दियों में होना था, जिसमें 2000 मेहमानों को शामिल करने की सूची भी तैयार की गई थी। लेकिन कोरोना संक्रमण के कारण लॉकडाउन को देखते हुए दोनों ने शादी के कार्यक्रम में बड़ा बदलाव कर दिया। दोनों ने इस नवजीवन की शुरुआत कुछ अच्छे काम से करने की योजना बनाई।
ऑक्सीजन सिलेंडर भी किए दान
बीते शनिवार को दोनों एक साधारण से समारोह में विवाह बंधन में बंध गए। इसके लिए वह अपने करीबियों के साथ वसई के सेंट गोनसालो चर्च में एकत्र हुए। शाम को किसी प्रकार के रिसेप्शन का आयोजन भी नहीं किया गया। रिसेप्शन के लिए रखी गयी राशि को इस जोड़े ने आइसोलेशन सेंटर को 50 बेड दान में दिए। बेड के अलावा गद्दे, तकिया और चादरें भी उन्होंने दान में दी। यहां तक कि ऑक्सीजन सिलेंडर भी रोगियों के लिए दान में दिए।
मर्लिन ने नहीं खरीदा वेडिंग गाउन
इस जोड़े का कहना है कि, इस संकट के क्षणों में अस्पतालों को मरीज के लिए बिस्तर की जरूरत है। हम लोग अपने निर्णय से खुश हैं कि अपनी शादी के रुपयों से हम लोग इस महामारी में मरीजों के कुछ काम आ सके। ये दोनों एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी चलाते हैं। इन्होंने न तो अपना प्री वेडिंग फंक्शन किया और न ही किसी मेहमान से कोई उपहार लिया। मर्लिन ने शादी के समय जो गाउन पहना था वह भी किराये पर लिया गया था।