100 करोड़ वसूली मामला: चांदीवाल आयोग के सामने पेश हुए अनिल देशमुख
100 crore recovery case महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख मुंबई में चांदीवाल आयोग के समक्ष पेश हुए आयोग देशमुख के खिलाफ मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परम बीर सिंह द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच कर रहा है
मुंबई, एएनआइ। महाराष्ट्र (Maharashtra) के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख (Anil Deshmukh) पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच कर रहे चांदीवाद आयोग (Chandiwal Commission)के सामने आज फिर पेश हुए। आयोग अनिल देशमुख के खिलाफ मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परम बीर सिंह (Parambir Singh) द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच कर रहा है। `देशमुख पर 100 करोड़ जबरन वसूली को लेकर गंभीर आरोप लगे हैं। देशमुख के चांदी आयोग पहुंचने के बाद मुंबई पुलिस के बर्खास्त पुलिस अधिकारी सचिन वाझे भी वहां पहुंचे हैं, उन्हें भी आज आयेाग के सामने पेश होना है। बता दें कि देशमुख न्यायिक हिरासत में हैं, मनी लॉन्ड्रिंग मामले में उन्हें गिरफ्तार किया गया था।
मुंबई पुलिस के बर्खास्त पुलिस अधिकारी सचिन वाझे और पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह भी आयोग के समक्ष पेश हो चुके हैं। सचिन वाझे को पहले एनआइए ने अरेस्ट किया था उसके बाद मुंबई पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया था। विशेष पीएमएलए अदालत के न्यायाधीश एचएस सत भाई ने देशमुख को न्यायमूर्ति के यू चांदीवाल आयोग के सामने पेश होने के लिए वारंट को अनुमति दी थी।
इस साल मार्च में महाराष्ट्र सरकार ने राज्य के तत्कालीन गृह मंत्री व राकापा नेता अनिल देशमुख के खिलाफ परमबीर सिंह की ओर से लगाये गए आरोपों की जांच के लिए चांदीवाल आयोग का गठन किया था। मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया के पास विस्फोटक पाये जाने के बाद मार्च में मुंबई पुलिस आयुक्त के पद से हटाए गए परमबीर सिंह ने अनिल देशमुख पर आरोप लगाया था कि पुलिस अधिकारियों से शहर में बार व रेस्तरां के हर माह 100 करोड़ रुपये एकत्रित करने के लिए कहा था। केंद्रीय जांच ब्यूरो और प्रवर्तन निदेशालय इन आरोपों की जांच में लगे हुए हैं।