दुष्कर्म के आरोप से घिरे उत्तम स्वामी ने जबलपुर में कथा से बनाई दूरी, व्यासपीठ पर नहीं पहुंचे
राजस्थान की युवती द्वारा दुष्कर्म के आरोपों से घिरे महामंडलेश्वर उत्तम स्वामी शुक्रवार को जबलपुर में अपनी निर्धारित कथा में ...और पढ़ें

कथावाचक उत्तम स्वामी।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। राजस्थान की युवती से दुष्कर्म के आरोप के बाद विवाद में आए महामंडलेश्वर और कथावाचक उत्तम स्वामी इन दिनों जबलपुर में कथा कर रहे हैं। शुक्रवार को उन्होंने कथा से दूरी बना ली। वह दोपहर में निर्धारित समय तक व्यासपीठ पर नहीं पहुंचे। बाद में उनकी जगह एक शिष्य ने कथा की।
बता दें कि मध्य प्रदेश में जबलपुर के भेड़ाघाट के नजदीक ग्राम हीरापुर बंधा में उत्तम स्वामी का एक आश्रम है। इसी आश्रम में वह नौ फरवरी से कथा कर रहे हैं। 15 फरवरी तक उनकी कथा का आयोजन निर्धारित है।
इस बीच, गुरुवार को एक युवती का दिल्ली पुलिस को भेजा गया ईमेल सामने आया। इसमें युवती ने उत्तम स्वामी पर दुष्कर्म की शिकायत की है। मामले में प्रतिक्रिया के लिए उत्तम स्वामी से फोन पर संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने प्रतिक्रिया देने से मना कर दिया और कहा कि समय आने पर अपना पक्ष रखेंगे।
हीरापुर स्थित आश्रम में आने के बाद से उत्तम स्वामी प्रतिदिन सुबह ध्यान एवं साधना करते थे। उसके बाद आश्रम परिसर में दोपहर दो बजे से श्रीमद्भागवत कथा का पाठ करते थे। शुक्रवार को स्वामी ने नित्य की भांति सुबह पूजन किया। आश्रम में चल रहे यज्ञ में आहुति दी। उसके बाद कुछ अनुयायियों से मिले और फिर विश्राम के लिए अपने कक्ष में चले गए।
दोपहर को कथा के निर्धारित समय पर श्रद्धालु श्रोता आश्रम पहुंचने लगे। लेकिन दोपहर तीन बजे तक उन्होंने दर्शन नहीं दिए। इस पर अनुयायियों ने स्वामी के स्वास्थ्य कारणों से विश्राम करने की जानकारी दी। शनिवार को उनके कथा करने का दावा किया है।
