'उफ! मैंने यह कैसे कर दिया...', शहडोल में कुल्हाड़ी से बेटे की हत्या के बाद पिता ने भांजे से की आखिरी बात, फिर रेलवे ट्रैक पर मिला शव
शहडोल जिले के कोठिया गांव में एक पिता ने मामूली विवाद में अपने बेटे की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। ...और पढ़ें

घटना स्थल पर पड़ताल करती पुलिस व एकत्रित ग्रामीण।
HighLights
शहडोल में पिता ने मामूली विवाद में बेटे की कुल्हाड़ी से हत्या की।
हत्या के चार दिन बाद पिता ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या की।
आत्महत्या से पहले पिता ने भांजे को फोन पर पछतावा व्यक्त किया।
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। प्रदेश के शहडोल जिले के ग्राम कोठिया में पिता-पुत्र के रिश्ते को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। मामूली विवाद में बेटे की कुल्हाड़ी मारकर हत्या करने के बाद फरार हुए आरोपित पिता ने पांचवें दिन ट्रेन के सामने आकर आत्महत्या कर ली। पुलिस की कई टीमें दो अक्टूबर से लगातार जंगलों में उसकी तलाश कर रही थीं। मंगलवार सुबह हत्या स्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिलने के बाद तलाश अभियान खत्म हुआ।
मृतक की पहचान 55 वर्षीय नंदकुमार सिंह गोंड के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दो अक्टूबर को ग्राम कोठिया में नंदकुमार का अपने बेटे सिंघराज सिंह गोंड से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। कहासुनी के दौरान गुस्से में आए नंदकुमार ने बेटे पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण सिंघराज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद नंदकुमार मौके से फरार होकर आसपास के घने जंगल में छिप गया था।
100 से ज्यादा ग्रामीणों के साथ रातभर सर्चिंग
घटना की सूचना मिलते ही ब्यौहारी पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी थी। थाना प्रभारी अभिलाष मिश्रा के अनुसार, नंदकुमार को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गई थीं। पुलिसकर्मी ग्रामीणों की मदद से लगातार जंगल के चप्पे-चप्पे को खंगाल रहे थे।
सोमवार रात भी पुलिस ने 100 से अधिक ग्रामीणों के साथ जंगल में व्यापक सर्चिंग अभियान चलाया। टीमों ने रात करीब दो बजे तक तलाश की, लेकिन घना जंगल और अंधेरा होने के कारण आरोपित का कोई सुराग नहीं मिल सका।
यह भी पढ़ें- बागेश्वर धाम नाबालिग दुष्कर्म केस में हाई कोर्ट सख्त, SIT बनाने के निर्देश; DNA रिपोर्ट ने बदली जांच की दिशा
भांजे को फोन कर बोला- 'मैंने यह कैसे कर दिया'
इसी बीच नंदकुमार की अपने भांजे से फोन पर हुई बातचीत का ऑडियो भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि जंगल में छिपे नंदकुमार ने फोन पर घटना को लेकर पछतावा जताया और कहा कि उसे समझ नहीं आ रहा कि उससे यह कैसे हो गया। बातचीत के बाद उसने मोबाइल बंद कर लिया था।
रेलवे ट्रैक पर मिला शव
मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने हत्या स्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही ब्यौहारी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की।
जांच के दौरान मृतक की पहचान फरार आरोपित नंदकुमार सिंह गोंड के रूप में हुई। पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर इसे ट्रेन के सामने आकर आत्महत्या का मामला माना है। हालांकि, आत्महत्या के पीछे की वजहों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
