विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सतना में प्रतिमा विसर्जन से लौट रही ट्रैक्टर-ट्रॉली 11KV लाइन की चपेट में आई, 8 बच्चे झुलसे; दो बच्चियों की हालत गंभीर

Published: Thu, 22 Oct 2026 06:56 PM (IST)

सतना जिले में नवरात्र समापन पर प्रतिमा विसर्जन से लौट रही ट्रैक्टर-ट्रॉली 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आ ...और पढ़ें

अस्पताल में उपचाररत घायल बच्चे।

अस्पताल में उपचाररत घायल बच्चे।

HighLights

  1. सतना में प्रतिमा विसर्जन से लौटते समय दर्दनाक हादसा हुआ।

  2. ट्रैक्टर-ट्रॉली 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आ गई।

  3. आठ बच्चे करंट लगने से घायल, दो की हालत गंभीर है।

डिजिटल डेस्क, सतना। प्रदेश के सतना जिले में नवरात्र समापन पर मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन कर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। कोठी क्षेत्र के पतेरिया गांव के पास गुरुवार शाम ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार आठ बच्चे ऊपर से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आ गए। हादसे में सभी बच्चे करंट लगने से घायल हो गए। इनमें दो बच्चियों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए सतना जिला अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य बच्चों का इलाज कोठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।

बिजली लाइन की चपेट में आते ही मची चीख-पुकार

जानकारी के अनुसार, कोठी के वार्ड क्रमांक 14 और 15 के निवासी ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली से मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जित करने गए थे। धार्मिक आयोजन संपन्न होने के बाद सभी वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पतेरिया गांव के पास ट्रॉली में सवार बच्चे ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन की चपेट में आ गए।

अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बच्चों को करंट लगने के बाद परिजनों और अन्य लोगों में चीख-पुकार शुरू हो गई। खुशियों के साथ घर लौट रहे परिवारों के लिए यह सफर अचानक दर्दनाक घटना में बदल गया।

दो बच्चियों की हालत गंभीर, सतना रेफर

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायल बच्चों को कोठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया। दो बच्चियों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए सतना जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

अन्य घायल बच्चों का उपचार कोठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में चिंता का माहौल बन गया।

यह भी पढ़ें- पीथमपुर में स्कूल से लौट रहे दो भाइयों और मौसेरी बहन को ट्राले ने कुचला, तीनों की मौके पर मौत

बिजली लाइन की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

ट्रैक्टर-ट्रॉली के 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आने की घटना ने बिजली लाइनों की ऊंचाई और सुरक्षित आवागमन जैसे मुद्दों पर भी सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और बिजली लाइन के संपर्क में आने की सटीक वजह क्या थी, इसकी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।