रील का शौक बना 'काल' : मऊगंज में हाईवे पर वीडियो बनाते वक्त भीषण हादसा, दो नाबालिगों सहित तीन की मौत, दो गंभीर
मऊगंज में रील बनाने के दौरान हुए भीषण सड़क हादसे में दो नाबालिगों सहित तीन लोगों की मौके पर ही ...और पढ़ें

मऊगंज में भीषण हादसा (प्रतीकात्मक चित्र)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। इंटरनेट मीडिया पर रील बनाने का बढ़ता क्रेज अब युवाओं के लिए खतरनाक साबित हो रहा है। मऊगंज जिले में मंगलवार सुबह ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां हाईवे पर रील शूट करने के दौरान हुई भीषण टक्कर में दो नाबालिगों समेत तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
ट्रॉले से भिड़ी तेज रफ्तार बाइक
यह हादसा मऊगंज थाना क्षेत्र के पन्नी पथरिया के पास नेशनल हाईवे पर सुबह करीब 11 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, एक पल्सर बाइक पर सवार तीन युवा तेज रफ्तार में मोबाइल से रील बनाते हुए जा रहे थे। इसी दौरान उनका ध्यान सड़क से हट गया और बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रॉले से जा भिड़ी। इतना ही नहीं, पीछे आ रही एक अन्य टीवीएस अपाचे बाइक भी असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
ये हुए हताहत
हादसे में पल्सर सवार उपलक्ष्य कोल (17), अमरीश कोल (22) और हेमराज कोल (17) की मौके पर ही मौत हो गई। ये सभी बेला थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार प्रशांत द्विवेदी (19) और प्रदीप द्विवेदी (17), जो चितईपुरवा पिपरा के रहने वाले हैं, गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
घायलों को पहुंचाया अस्पताल
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रीना सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल मऊगंज पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
यह भी पढ़ें- 10 रुपये की गड़बड़ी पर रेलवे कर्मचारी की छिनी नौकरी, 24 साल बाद MP हाईकोर्ट से मिला न्याय, बर्खास्तगी रद्द
जांच के दौरान पुलिस को मृतकों के पास से एक संदिग्ध गन लाइटर भी मिला है, जिसकी पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइक और ट्रॉले को जब्त कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
