डिंडौरी में सड़क पर उतरे छात्र-छात्राएं व ग्रामीण, स्टेट हाईवे पर लगाया जाम; 5 किमी कच्चे रास्ते से परेशान लोग
डिंडौरी के कनेरी गांव में ग्रामीणों और छात्रों ने 5 किमी खराब सड़क के विरोध में मेहंदवानी-शहपुरा स्टेट हाईवे जाम ...और पढ़ें
HighLights
कनेरी गांव में ग्रामीणों और छात्रों ने सड़क जाम की।
5 किमी कच्ची और जर्जर सड़क से लोग परेशान थे।
बारिश में आवागमन, एंबुलेंस पहुंचने में भारी दिक्कत।
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। डिंडौरी जिले के मेहंदवानी जनपद की ग्राम पंचायत सारंगपुर के पोषक ग्राम कनेरी में बुधवार सुबह सड़क की बदहाल स्थिति के विरोध में ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं ने मोर्चा खोल दिया। पक्की सड़क की मांग को लेकर ग्रामीणों ने कनेरी रैयत में मेहंदवानी-शहपुरा स्टेट हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के चलते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर जाम खुलवाने का प्रयास शुरू किया। शहपुरा एसडीएम भी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उन्हें समझाने का प्रयास किया।
5 किमी का रास्ता, बारिश में बढ़ जाती है मुश्किल
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों और विद्यार्थियों का कहना है कि मुख्य मार्ग से कछरा टोला और मुरमी टोला तक करीब पांच किलोमीटर का रास्ता है। गांव तक पहुंचने वाला यह मार्ग लंबे समय से कच्चा और जर्जर है। बारिश के दिनों में सड़क की हालत और खराब हो जाती है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी होती है।
ग्रामीणों के मुताबिक बारिश के दौरान हालात इतने खराब हो जाते हैं कि एंबुलेंस और अन्य वाहन गांव तक नहीं पहुंच पाते। ऐसे में बीमार और गंभीर मरीजों को अस्पताल ले जाना चुनौती बन जाता है। वहीं, गांव के दर्जनों विद्यार्थियों को भी रोजाना कीचड़ से भरे रास्ते से होकर स्कूल पहुंचना पड़ता है।
यह भी पढ़ें- MP में बिजली बिल फिर बढ़ाएगा उपभोक्ताओं की टेंशन! FPPAS की दर 4.59% से बढ़कर 5.063%, जानें कितनी बढ़ेगी राशि
कई बार आवेदन, फिर भी सड़क निर्माण नहीं
ग्रामीणों का कहना है कि गांव तक पक्की सड़क बनवाने के लिए पंचायत से लेकर जिला स्तर तक कई बार आवेदन दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद अब तक सड़क निर्माण की दिशा में ठोस पहल नहीं हुई। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती गई और आखिरकार उन्हें चक्काजाम के लिए सड़क पर उतरना पड़ा।
प्रदर्शनकारियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर भी समस्या की अनदेखी करने का आरोप लगाया। चक्काजाम के कारण स्टेट हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और बड़ी संख्या में वाहन फंसे रहे।
