केजरीवाल का स्वराज जबलपुर की देन
जबलपुर, जसं। आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल के जिस स्वराज की गूंज आज सारे देश में है, वह जबलपुर की देन है। आप के ग्राम स्वराज का एजेंडा तैयार करने में जबलपुर की सैकड़ों ग्राम पंचायतों और ग्रामीणों की समस्याओं ने मदद की है।
केजरीवाल ने ग्राम स्वराज की परिकल्पना को साकार करने के लिए मध्य प्रदेश के इस जिले से ही सबसे पहले और सबसे ज्यादा जानकारी जुटाई थी। इस काम को पूरा करने साल 2006-07 में वह यहां रहे और सूचना के अधिकार का हथियार अपनाया।
इसी जानकारी की बदौलत तीन साल की कड़ी मेहनत के बाद साल 2010 में ग्राम स्वराज का पूरा खाका तैयार किया गया। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल की पुस्तक 'ग्राम स्वराज-एक आम आदमी का अधिकार' 2010 में प्रकाशित हुई थी। इसमें पंचायती राज व्यवस्था की कमियों और विसंगतियों को उजागर किया गया है। जिले के तत्कालीन कलेक्टर संजय दुबे ने बताया कि अरविंद केजरीवाल ने सूचना के अधिकार के तहत उनसे कई तरह की जानकारियां मांगी थी।