'नौकरी मांगने आई थी', अपनी ही सरकार में काम अटका तो CM मोहन से मिलने पहुंचीं सुमित्रा महाजन
पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने इंदौर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। उन्होंने अपनी ही सरकार में ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री से मिलने पहुंची सुमित्रा महाजन (फाइल फोटो- ANI)
डिजिटल डेस्क, इंदौर। पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन इंदौर में आए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिलने रेसीडेंसी कोठी पहुंची। वह अपनी ही सरकार में काम रुकने और उनके द्वारा शुरू किए गए कुछ प्रोजेक्ट अधूरे रह जाने से व्यथित दिखीं।
स्मार्ट सिटी के नाम पर घोषणा कर फंड नहीं मिलने की पीड़ा भी उन्होंने जताई। मुलाकात के बाद बाहर निकली महाजन से पत्रकारों ने सवाल किए तो उन्होंने मुस्कुराते हुए तंज कर दिया कि मैं नौकरी मांगने आई थी। महाजन के इस तंज के अलग-अलग राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।
सुमित्रा महाजन ने मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री के सामने कला संकुल के अधूरे पड़े प्रोजेक्ट और अहिल्या स्मारक का काम आगे नहीं बढ़ने को लेकर असंतोष जताया था।
दरअसल, एमजी रोड पर पुराने मराठी स्कूल को तोड़कर कला संकुल बनाने का काम शुरू हुआ था। भवन खड़ा होने के बाद भी संकुल शुरू नहीं हो सका है। दरअसल, प्रोजेक्ट स्मार्ट सिटी के तहत शुरू हुआ था। महाजन ने कहा कि स्मार्ट सिटी में काम हो रहा था।
पैसे समाप्त हो गए तो अब काम अधूरा पड़ा है। मैं मुख्यमंत्री से निवेदन करने गई थी कि स्मार्ट सिटी को पैसे उपलब्ध करवाकर सरकार को इस काम को पूरा कर के देना चाहिए। सूत्रों के अनुसार, महाजन को कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने तंज करते हुए कहा कि मैं नौकरी मांगने आई थी।
