रतलाम में आवारा श्वान का आतंक: आंगन में खेल रही 3 साल की बच्ची पर हमला कर सिर-पेट को नोंचा, मौत
रतलाम के पलसोड़ी गांव में एक दर्दनाक घटना में, आंगन में खेल रही तीन साल की बच्ची मनीषा भाभर पर ...और पढ़ें

HighLights
रतलाम के पलसोड़ी गांव में हुई दर्दनाक घटना।
बच्ची के माता-पिता मजदूरी करने अजमेर गए थे।
आवारा श्वान ने आंगन में बंधी गाय पर भी किया हमला।
डिजिटल डेस्क, रतलाम। मध्य प्रदेश में आवारा कुत्तों के हमले की एक दर्दनाक घटना सामने आई है। रतलाम जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर पलसोड़ी गांव में गुरुवार शाम आंगन में खेल रही तीन साल की मनीषा भाभर पर कुत्ते ने हमला कर दिया। हमले में बच्ची के सिर और पेट पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के समय बच्ची के दादा-दादी खेत पर थे, जबकि उसके माता-पिता मजदूरी के लिए अजमेर गए हुए हैं।
बच्ची की चीख सुनकर दौड़ीं महिलाएं
जानकारी के अनुसार, मनीषा घर के आंगन में खेल रही थी, तभी कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास रहने वाली महिलाएं मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी। बताया गया है कि कुत्ते ने आंगन में बंधी गाय पर भी हमला किया।
घटना के बाद गांव में दुख और चिंता का माहौल है। आवारा कुत्तों से बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
खरगोन में सीएमओ को पिल्ला सौंपकर जताया विरोध
उधर, खरगोन में आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर लोगों ने अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया। युवा कांग्रेस नेताओं के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) कमला कौल को कुत्ते का एक पिल्ला सौंपा और शहर में आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए अभियान चलाने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने विशेष रूप से स्कूलों, अस्पतालों और बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी बढ़ाने की मांग उठाई, ताकि लोगों को कुत्तों के हमलों से बचाया जा सके।
यह भी पढ़ें- पीथमपुर में स्कूल से लौट रहे दो भाइयों और मौसेरी बहन को ट्राले ने कुचला, तीनों की मौके पर मौत
कुत्तों को पकड़ने के अभियान की मांग
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है। इस पर CMO कमला कौल ने कहा कि उठाई गई मांगों पर विचार किया जाएगा।
