विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रेलवे बोर्ड चेयरमैन के सामने खुली देवास स्टेशन की सफाई व्यवस्था की पोल, गंदगी और पीक के धब्बे देख भड़के

Published: Sun, 06 Sep 2026 03:01 PM (IST)

रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार ने देवास रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया और गंदगी व पीक के धब्बे देखकर ...और पढ़ें

देवास स्टेशन पर रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार व अन्य।

देवास स्टेशन पर रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार व अन्य।

HighLights

  1. चेयरमैन सतीश कुमार ने देवास स्टेशन का निरीक्षण किया।

  2. विशेष इंजन से इंदौर से उज्जैन जाते समय थोड़ी देर के लिए रुके।

  3. अधिकारियों को तत्काल सफाई और सुविधा सुधारने के निर्देश दिए।

डिजिटल डेस्क, इंदौर। रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार रविवार को देवास रेलवे स्टेशन पर कुछ देर रुके। इंदौर से विशेष इंजन से उज्जैन जा रहे चेयरमैन ने इस दौरान स्टेशन पर साफ-सफाई और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। प्लेटफार्म की चमक-दमक देखने के बाद जैसे ही उनकी नजर स्टेशन परिसर में फैली गंदगी और जगह-जगह पड़े पीक के धब्बों पर पड़ी, उन्होंने नाराजगी जाहिर की।

चेयरमैन के साथ रतलाम मंडल के डीआरएम अश्विनी कुमार सहित 25 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। देवास स्टेशन पहुंचने पर सतीश कुमार प्लेटफार्म से होते हुए सीधे मुख्य द्वार के बाहर स्टेशन परिसर में पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

ऑटो स्टैंड के पास दिखी गंदगी 

निरीक्षण के दौरान चेयरमैन ऑटो रिक्शा खड़े होने वाले स्थान पर पहुंचे। यहां जमीन पर कई जगह पीक के निशान दिखाई दिए। आसपास गाजर घास उगी हुई थी और कई स्थानों पर गंदगी भी जमा थी। यह स्थिति देखकर उन्होंने अधिकारियों के सामने नाराजगी जताई और परिसर की तत्काल सफाई कराने के साथ ही व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

बंद पड़े सुविधाघर पर जताया असंतोष

स्टेशन परिसर में कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत बनाए गए सुविधाघर की हालत भी चेयरमैन को संतोषजनक नहीं लगी। सुविधाघर वर्तमान में अनुपयोगी पड़ा था और उसके प्रवेश द्वार पर टीन शेड लगाकर रास्ता बंद किया गया था।

चेयरमैन के निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों ने टीन शेड हटाया, जिसके बाद वह सुविधाघर के अंदर पहुंचे और उसकी स्थिति का जायजा लिया।

गुटखा खाए खड़े ऑटो चालकों को दी समझाइश

निरीक्षण के दौरान चेयरमैन की नजर परिसर में मौजूद कुछ ऑटो रिक्शा चालकों पर भी पड़ी। इनमें से कुछ के मुंह में गुटखा था और आसपास जमीन पर पुराने पीक के धब्बे दिखाई दे रहे थे। इस पर सतीश कुमार ने उन्हें साफ-सफाई के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि परिसर में गंदगी करना गलत है और सभी को स्वच्छता बनाए रखनी चाहिए।

यह भी पढ़ें- इंदौर: भाई को राखी न बांध पाने के ताने पर भड़की जेठानी, 22 साल की देवरानी को चाकू से गोदा; टैंक में फेंकी लाश

विशेष इंजन को नौ मिनट तक नहीं मिला ग्रीन सिग्नल

करीब 15 मिनट तक देवास रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने के बाद रेलवे बोर्ड चेयरमैन उज्जैन के लिए रवाना हुए। हालांकि रवाना होने के दौरान उनके विशेष इंजन को भी कुछ देर इंतजार करना पड़ा।

बताया गया कि इससे पहले डॉ. आंबेडकर नगर (महू)-कटरा धाम मालवा एक्सप्रेस उज्जैन की ओर रवाना हुई थी। इसके चलते चेयरमैन के विशेष इंजन को करीब नौ मिनट तक ग्रीन सिग्नल नहीं मिला। सिग्नल मिलने के बाद विशेष इंजन उज्जैन के लिए रवाना हुआ।

चेयरमैन के निरीक्षण ने देवास स्टेशन परिसर की साफ-सफाई और अनुपयोगी यात्री सुविधाओं की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि निरीक्षण के बाद अधिकारियों के निर्देशों का जमीन पर कितना असर दिखाई देता है।