MP में 'स्पेशल 26' की तर्ज पर दिनदहाड़े लूट, आयकर अधिकारी बनकर घर में घुसे बदमाश, 50 तोला सोना व 4.5 लाख रुपये ले उड़े
पांच बदमाशों ने खुद को आयकर अधिकारी बताकर एक घर में घुसकर परिवार को बंधक बनाया। वे करीब 50 तोला ...और पढ़ें

परिवार को मकान के अंदर बंद कर सोना, नकदी लेकर बदमाश फरार।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, इंदौर। मध्य प्रदेश के धार जिले के बाग कस्बे में ब्राह्मण मोहल्ला स्थित एक ठेकेदार के घर शुक्रवार को फिल्म ‘स्पेशल 26’ जैसी डकैती दिनदहाड़े अन्जाम दी गई। स्वयं को इनकम टैक्स अधिकारी बताकर घर में घुसे बदमाशों ने जांच के नाम पर पूरे परिवार को बंधक बनाया। इसके बाद करीब 50 तोला सोने के आभूषण, साढ़े चार लाख रुपये की नकदी और मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
बिना नंबर की कार से आए थे बदमाश
बदमाश सुबह नौ बजे काले रंग की बिना नंबर की कार से पहुंचे थे। दरवाजा खटखटाकर घर के मालिक ठेकेदार राजकुमार मालवीय का नाम लेकर आवाज लगाई। दरवाजा खुलते ही उन्होंने स्वयं को भोपाल इनकम टैक्स विभाग की टीम बताया और कहा कि उनके घर की जांच करनी है। अचानक हुई इस कार्रवाई से परिवार के सभी सदस्य घबरा गए।
मोबाइल छीने, रिवॉल्वार से डराया
बदमाशों ने ठेकेदार राजकुमार और उनकी पत्नी कृष्णा के मोबाइल फोन कब्जे में लेने के बाद रिवॉल्वर दिखाकर सबको डराया और अलमारी व लॉकर खुलवाए। उसमें रखे जेवर और नकदी निकाल ली। इससे पहले उन्होंने मुख्य दरवाजे और चैनल गेट पर ताला लगा दिया था।
परिवार को लगा, हाल में बैठे जांच कर रहे
ठेकेदार की पत्नी कृष्णा मालवीय के अनुसार, बदमाश पांच थे। इनमें तीन घर के अंदर आए, जबकि दो बाहर वाहन पर मौजूद रहे। घर में घुसे तीन बदमाशों में से दो पुलिस की खाकी वर्दी पहले हुए थे। इन्होंने अलमारी और लॉकर खुलवाने के बाद परिवार के सभी सदस्यों को एक कमरे में बंद कर दिया था।
पड़ोसियों को आवाज देकर मांगी मदद
ऐसे में उन्हें लगा कि अधिकारियों की यह टीम घर के हाल में बैठकर जांच कर रही है। लेकिन जब काफी देर तक कोई वापस नहीं आया तो खिड़की से पड़ोसियों को आवाज लगाकर मदद मांगी गई। बदमाश इस परिवार की पूरी जानकारी के साथ आए थे। एसपी मयंक अवस्थी के अनुसार, बदमाशों की धर-पकड़ के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
