MP में भाजपा विधायक ने बाइक रैली के दौरान किया स्टंट, विवाद बढ़ा तो वीडियो जारी कर मांगी माफी
मध्य प्रदेश के शाजापुर में भाजपा विधायक घनश्याम चंद्रवंशी का बुलेट पर दोनों हाथ छोड़कर चलाने का वीडियो वायरल हुआ, ...और पढ़ें

विधायक ने रैली के दौरान हाथ छोड़कर बाइक चलाई, बाद में वीडियो जारी कर माफी मांगी।
HighLights
भाजपा विधायक घनश्याम चंद्रवंशी का बाइक स्टंट वीडियो वायरल हुआ।
विवाद बढ़ने के बाद विधायक ने एक वीडियो जारी कर माफी मांगी।
कांग्रेस ने विधायक के कृत्य पर सवाल उठाए और कार्रवाई की मांग की।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में निकाली गई जल-जन सेवा रैली का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हो रहा है, जिसमें कालापीपल सीट से भाजपा विधायक घनश्याम चंद्रवंशी दोनों हाथ ऊपर कर बुलेट चलाते दिख रहे हैं। वीडियो पर तीखी प्रतिक्रिया सामने आने पर विधायक को अपनी गलती का एहसास हुआ। फिर उन्होंने एक वीडियो जारी कर लोगों से माफी मांगी।
उन्होंने अपने वीडियो संदेश में कहा कि जोश और उत्साह में मेरे द्वारा (बाइक चलाने के दौरान) दोनों हाथ छोड़ दिए गए थे। मैं सभी से क्षमा चाहता हूं। यह कहना चाहता हूं कि हम सभी नियमों का पालन करें। मैं भी नियमों का पालन करता हूं, किंतु यात्रा के दौरान मेरे द्वारा उत्साह में ऐसा किया गया। ऐसा कोई भी न करें। मेरे द्वारा कोई स्टंट नही किया गया, युवाओं के साथ उत्साह में यह हुआ था।
सीट बेल्ट लगाकर दिया था सकारात्मक संदेश
बता दें कि अभी पिछले दिनों ही इन्हीं विधायक ने गणेश उत्सव के दौरान गणेश जी की मूर्ति को कार में सीट बेल्ट लगाकर भोपाल से कालापीपल लाकर यातायात नियम पालन का संदेश दिया था, किंतु बाइक रैली में खुद ही यातायात नियमों का उल्लंघन कर स्टंट करते नजर आए। इस पर आम लोगों ने भी इंटरनेट मीडिया में तीखी प्रतिक्रिया की।
कांग्रेस विधायक ने उठाए सवाल
मामले में कांग्रेस नेता व पूर्व विधायक कुणाल चौधरी ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने सीएम से पूछा कि सीएम जी क्या आम जनता और माननीयों के लिए अलग-अलग कानून हैं? एक तरफ आम जनता कोई स्टंट करे तो उसका चालान कट जाता है और उसके ऊपर चालान के साथ अतिरिक्त कार्रवाई भी होती है।
वहीं कोई माननीय ऐसा करे तो उसे स्टंट कह दिया जाता है। ये वही माननीय हैं, जो आपके सामने चप्पल छोड़ने की कसम खाने की बात कहते हैं और अब चप्पल पहनकर स्टंट करते हुए नजर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री जी, सवाल आपसे है। एसपी साहब, सवाल आपसे है। क्या मध्य प्रदेश में दो कानून चलेंगे या एक कानून चलेगा? क्या माननीयों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी, चालान कटेगा या उनके ऐसे कृत्य को स्टंट मानकर छोड़ दिया जाएगा?
कानून सभी के लिए समान है। एक वीडियो सामने आया है, जिसमें विधायक घनश्याम चंद्रवंशी हाथ छोड़कर मोटरसाइकिल चलाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
- निमेश देशमुख, एसडीओपी शुजालपुर
