विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मंदसौर में सरपंच पति के बाड़े में खड़ी स्कॉर्पियो से मिले ₹1.29 करोड़, बॉडी खुली तो पुलिस भी रह गई हैरान

Published: Thu, 15 Oct 2026 08:02 PM (IST)

मंदसौर पुलिस ने एक स्कॉर्पियो की बॉडी में छिपाकर रखे 1.29 करोड़ रुपये बरामद किए हैं। इस मामले में सरपंच ...और पढ़ें

पुलिस ने स्कॉर्पियो व नकदी जब्त कर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने स्कॉर्पियो व नकदी जब्त कर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया।

HighLights

  1. स्कॉर्पियो की बॉडी में छिपाए थे 1.29 करोड़ रुपये।

  2. सरपंच पति और बरेली के दो लोग हिरासत में।

  3. मादक पदार्थों की खरीद का संदेह, जांच जारी।

डिजिटल डेस्क, मंदसौर। प्रदेश के मंदसौर जिले में पुलिस ने एक स्कॉर्पियो की बॉडी में छिपाकर रखे 1 करोड़ 29 लाख रुपये बरामद किए हैं। यह नकदी शामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ा उदा में सरपंच पति भवानीशंकर मीणा के घर के पीछे बने बाड़े में खड़ी बिना नंबर की गाड़ी से मिली। रकम इस तरह छिपाई गई थी कि शुरुआती जांच में पुलिस को कुछ नजर नहीं आया। संदेह गहराने पर मैकेनिक को बुलाकर गाड़ी की बॉडी खुलवाई गई, तब नकदी का पता चला।

पुलिस ने मौके से सरपंच पति के अलावा उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी दो लोगों को भी हिरासत में लिया है। दोनों स्कॉर्पियो लेकर वहां पहुंचे थे, लेकिन वे अपनी मौजूदगी और इतनी बड़ी रकम के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके। पुलिस को आशंका है कि नकदी का इस्तेमाल मादक पदार्थों की खरीद के लिए किया जाना था। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

संदेह होने पर मैकेनिक से खुलवाई स्कॉर्पियो की बॉडी

शामगढ़ थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय के मुताबिक पुलिस को सूचना मिलने के बाद टीम ने बुधवार को बरखेड़ा उदा गांव पहुंचकर भवानीशंकर मीणा के घर, खेत और बाड़े की तलाशी ली। बाड़े में खड़ी बिना नंबर की स्कॉर्पियो की जांच की गई, लेकिन पहली नजर में कुछ संदिग्ध नहीं मिला।

इसके बाद पुलिस को गाड़ी में नकदी छिपाए जाने का संदेह हुआ। शामगढ़ से मैकेनिक बुलाकर स्कॉर्पियो की बॉडी खुलवाई गई। अंदर छिपाकर रखे गए 1.29 करोड़ रुपये मिलने पर पुलिस भी हैरान रह गई। इतनी बड़ी रकम बरामद होने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की जांच शुरू की गई।

बरेली के दो लोग भी मिले 

पुलिस को मौके पर भवानीशंकर मीणा के साथ बरेली निवासी 47 वर्षीय मोहम्मद इस्लाम और 59 वर्षीय सूर्यप्रकाश गंगवाड़ भी मिले। दोनों की मौजूदगी और नकदी से जुड़े सवालों के जवाब संतोषजनक नहीं पाए गए। पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है कि रकम कहां से आई, किसकी है और इसे गाड़ी में छिपाकर क्यों रखा गया था।

जब्त नकदी के स्रोत का पता लगाने के लिए आयकर विभाग को सूचना दे दी गई है। अब आयकर विभाग की टीम रकम के लेन-देन और उसके वैध स्रोत की जांच करेगी।

यह भी पढ़ें- 75 लाख आय, 30 करोड़ की संपत्ति... इंदौर का हेड कांस्टेबल निकला करोड़पति; लोकायुक्त ने 15 से ज्यादा ठिकानों पर मारे छापे

शराब ठेकेदार भी हैं सरपंच पति

भवानीशंकर मीणा बरखेड़ा उदा की सरपंच के पति होने के साथ शराब ठेकेदार भी हैं। जानकारी के अनुसार, शामगढ़ क्षेत्र के मेलखेड़ा और खड़ावदा में उनकी शराब दुकानें हैं। फिलहाल पुलिस बरामद नकदी और दोनों बाहरी व्यक्तियों के सरपंच पति से संबंधों की पड़ताल कर रही है। मामले में रकम के वास्तविक मालिक और उसके इस्तेमाल को लेकर जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।