विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मंदसौर में सामूहिक भोज के बाद 25 लोगों की बिगड़ी तबीयत, गांव में मचा हड़कंप; अस्पताल में कराया भर्ती

Published: Thu, 15 Oct 2026 05:26 PM (IST)

मंदसौर के कचनारा गांव में एक सामाजिक कार्यक्रम के बाद 20-25 लोगों की तबीयत बिगड़ गई, जिसमें फूड पॉइजनिंग की ...और पढ़ें

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचे मरीज व परिजन।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचे मरीज व परिजन।

HighLights

  1. कचनारा गांव में सामाजिक कार्यक्रम के बाद लोग बीमार पड़े।

  2. लगभग 20-25 लोगों में फूड पॉइजनिंग के लक्षण दिखे।

  3. सभी मरीजों की हालत स्थिर, भोजन के नमूने जांच को भेजे।

डिजिटल डेस्क, इंदौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के दलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम कचनारा में गुरुवार को एक सामाजिक कार्यक्रम के बाद फूड पॉइजनिंग की आशंका से हड़कंप मच गया। कार्यक्रम में भोजन करने के कुछ ही देर बाद करीब 20 से 25 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। कई लोगों को पेट दर्द, उल्टी, दस्त और घबराहट की शिकायत होने लगी। स्थिति बिगड़ती देख ग्रामीणों ने तत्काल सभी बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उपचार शुरू किया।

जानकारी के अनुसार, कचनारा गांव में गुरुवार को एक सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें शामिल लोगों ने दोपहर में भोजन किया। कुछ समय बाद एक के बाद एक लोगों की तबीयत खराब होने लगी। अचानक कई लोगों के बीमार पड़ने से कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने निजी वाहनों और एंबुलेंस की मदद से मरीजों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।

डॉक्टरों की टीम अलर्ट

बीमार लोगों को नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। एक साथ कई मरीजों के आने से स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल उपचार की व्यवस्था की। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धुंधड़का के बीएमओ डॉ. अभिषेक जैन मेडिकल टीम के साथ नगरी अस्पताल पहुंचे और मरीजों के इलाज की निगरानी की। एहतियात के तौर पर अतिरिक्त डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को भी तैनात किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया। कचनारा चौकी प्रभारी भीमसिंह राठौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हल्का पटवारी समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी स्थिति का जायजा लेने पहुंचे। अधिकारियों ने मरीजों के उपचार और आवश्यक व्यवस्थाओं पर ध्यान दिया।

यह भी पढ़ें- 75 लाख आय, 30 करोड़ की संपत्ति... इंदौर का हेड कांस्टेबल निकला करोड़पति; लोकायुक्त ने 15 से ज्यादा ठिकानों पर मारे छापे

डॉक्टर बोले- सभी मरीजों की हालत स्थिर

बीएमओ डॉ. अभिषेक जैन के अनुसार, मरीजों में फूड पॉइजनिंग जैसे लक्षण सामने आए हैं। सभी को प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है और फिलहाल उनकी हालत स्थिर है। डॉक्टरों के मुताबिक, मरीज खतरे से बाहर हैं। स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

खाने के सैंपल जांच के लिए भेजे

प्रशासन ने कार्यक्रम में तैयार किए गए भोजन के नमूने जांच के लिए एकत्र किए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि लोगों की तबीयत किस वजह से बिगड़ी। फिलहाल भोजन को संभावित कारण मानकर मामले की जांच की जा रही है।