महाकाल दर्शन में अब आम भक्तों को भी VIP जैसी सुविधा! ऑनलाइन बुक होगा स्पेशल स्लॉट, लंबी कतार से मिलेगी राहत
उज्जैन के महाकाल मंदिर में आम भक्तों को अब वीआईपी जैसी दर्शन सुविधा मिलेगी। मंदिर समिति कम भीड़ वाले समय ...और पढ़ें

उज्जैन महाकाल मंदिर। (फाइल फोटो)
HighLights
आम भक्तों को महाकाल में वीआईपी जैसी दर्शन सुविधा।
कम भीड़ वाले समय में ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग होगी।
लंबी कतारों से मुक्ति, उज्जैन पर्यटन को बढ़ावा।
डिजिटल डेस्क, उज्जैन। ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में अब आम भक्तों को भी वीआईपी दर्शन की सुविधा मिल सकती है। इसके लिए मंदिर समिति ने प्रायोगिक तौर पर व्यवस्था लागू करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसमें भीड़ कम रहने वाले समय को चिह्नित कर सामान्य दर्शनार्थियों के लिए स्लॉट निर्धारित किए जाएंगे। श्रद्धालु मंदिर की वेबसाइट के माध्यम से इन स्लॉट की बुकिंग कर सकेंगे और निर्धारित समय पर उन्हें सामान्य लंबी कतार के बजाय छोटे मार्ग से मंदिर में प्रवेश देकर सुविधापूर्वक दर्शन कराए जाएंगे।
नई व्यवस्था का यह उद्देश्य
इस योजना का उद्देश्य केवल भक्तों को सुविधा देना नहीं, बल्कि सामान्य दिनों में महाकाल दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का प्रवाह बढ़ाना और उज्जैन की अर्थव्यवस्था को वर्षभर गति देना भी है। योजना सफल रहती है तो मंदिर समिति इसे स्थायी रूप से लागू करने पर विचार करेगी।
लंबी कतार के बजाय छोटे मार्ग से प्रवेश
मंदिर की आईटी शाखा द्वारा योजना का प्रारूप तैयार किया गया है। वे उन समयावधियों को चिह्नित कर रहे हैं, जब मंदिर में दर्शनार्थियों की संख्या अपेक्षाकृत कम रहती है। इसके आधार पर स्लॉट बनाए जाएंगे। प्रत्येक स्लाट में कितने श्रद्धालुओं को छोटे मार्ग से दर्शन कराए जा सकते हैं, इसकी क्षमता का आकलन भी होगा। भक्त उपलब्ध स्लाट के अनुसार, ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे।
शनिवार से सोमवार तक रहती है अधिक भीड़
बता दें कि वर्तमान में शनिवार, रविवार और सोमवार को छोड़कर सप्ताह के अन्य दिनों में दर्शनार्थियों की संख्या अपेक्षाकृत कम रहती है। इसी तरह वर्ष में दशहरा एवं दीपोत्सव के पांच दिन सहित अन्य कई ऐसे प्रमुख व्रत, त्यौहार आते हैं जब अवकाश के बावजूद महाकाल मंदिर में दर्शनार्थियों की संख्या कम रहती है। ऐसे समय में अधिक श्रद्धालुओं को उज्जैन आने के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में यह व्यवस्था महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
होटल से ई-रिक्शा तक बढ़ेगा कारोबार
नई व्यवस्था का उद्देश्य उज्जैन में पर्यटन से अधिक आय उत्पन्न करना भी है। दरअसल, महाकाल दर्शन के लिए बाहर से आने वाले भक्त केवल मंदिर तक सीमित नहीं रहते। उज्जैन में ठहरने, भोजन करने और शहर के अन्य धार्मिक स्थलों तक जाने से स्थानीय कारोबार को भी लाभ मिलता है, इसलिए सामान्य दिनों में दर्शनार्थियों की संख्या बढ़ने से होटल, यात्रीगृह, भोजनालय, रेस्टोरेंट, ई-रिक्शा और आटो रिक्शा सहित छोटे-बड़े कारोबारियों को वर्षभर ग्राहक मिल सकेंगे।
