एक दिन हेलमेट नहीं पहना और चली गई जान, खंडवा में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की सड़क हादसे में मौत; चार माह बाद होनी थी शादी
मध्य प्रदेश के खंडवा में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की सड़क हादसे में मौत हो गई। जल्दबाजी में हेलमेट न पहनने ...और पढ़ें

सड़क हादसे में युवक (इनसेट में) की मौत।
HighLights
खंडवा में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की सड़क हादसे में मौत।
जल्दबाजी में हेलमेट न पहनने से हुई दुर्घटना।
चार माह बाद होने वाली थी शादी, पसरा मातम।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में एक सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। रोजाना हेलमेट पहनकर बाइक चलाने वाला 28 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर सोमवार को जल्दबाजी में बिना हेलमेट घर से निकला। रास्ते में उसकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह दर्दनाक हादसा मूंदी थाना क्षेत्र के खंडवा-पुनासा हाईवे पर गोंदखेड़ा जंगल के पास हुआ। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सड़क किनारे युवक का शव बरामद किया। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बाइक का फिसलना सामने आई है।
एक दिन की चूक भारी पड़ी
मृतक की पहचान बांगरदा गांव निवासी अरविंद सिसोदिया के रूप में हुई है। स्वजन ने बताया कि अरविंद हमेशा हेलमेट पहनकर ही बाइक चलाता था। सोमवार सुबह किसी काम से जल्दी निकलने की वजह से वह हेलमेट घर पर ही छोड़ गया। इसी एक चूक ने उसकी जान ले ली।
पुलिस का मानना है कि यदि दुर्घटना के समय उसने हेलमेट पहना होता तो गंभीर सिर की चोट से बचने की संभावना हो सकती थी।
यह भी पढ़ें- इंदौर में थानेदार की बेटी से होटल में दुष्कर्म, ट्रेनी रेंजर गिरफ्तार; इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती
शादी की तैयारियों के बीच पसरा मातम
अरविंद एक आदिवासी परिवार से था और पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर था। उसके पिता राजाराम सिसोदिया ट्रक चालक हैं। परिवार में खुशियों का माहौल था, क्योंकि अरविंद और उसके छोटे भाई अनिल की शादी करीब चार महीने बाद होने वाली थी। विवाह की तैयारियां भी शुरू हो चुकी थीं, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने पंचनामा और अन्य आवश्यक कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
