इंदौर में ऑनर किलिंग, हींग व्यापारी की 25 वर्षीय बेटी की हत्या
इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है, जहां प्रेमी से मिलने की बात पर ...और पढ़ें

HighLights
इंदौर में ऑनर किलिंग, भाई-मां ने बेटी की हत्या की।
प्रेमी से मिलने पर विवाद, सिर दीवार पर मारा गया।
आत्महत्या दिखाने की कोशिश, पुलिस ने किया खुलासा।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र में ऑनर किलिंग का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां प्रेमी से मिलने की बात पर हींग व्यापारी दौलतराम अग्रवाल की 25 वर्षीय बेटी की भाई और मां ने ही हत्या कर दी।
आरोपितों ने वारदात को आत्महत्या में बदलने के लिए युवती को जहरीला पदार्थ खिलाकर अस्पताल में भर्ती करवाया और तीन महीने तक पुलिस को गुमराह करते रहे।
पुलिस के मुताबिक, युवती का साथ में काम करने वाले दूसरी जाति के युवक से उसका प्रेम संबंध था लेकिन परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं था।
इसे लेकर घर में तनाव बना रहता था। दो अप्रैल को वह अपने प्रेमी से मिलने जा रही थी, जिसे लेकर घर में विवाद शुरू हो गया। बात इतनी बढ़ी कि भाई ने उसका सिर दीवार पर दे मारा, जिससे उसे कान के पीछे गंभीर चोट आई और चार अप्रैल को अस्पताल में मौत हो गई।
हालांकि, परिवार ने युवती द्वारा जहरीला पदार्थ खाने की जानकारी दी। पुलिस को संदेह हुआ तो उसने सख्ती से पूछताछ शुरू की, इस दौरान भाई ने अपराध स्वीकार लिया। मारपीट में मां ने भी सहयोग किया, उन्हें कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
