इंदौर में कबाड़ की दुकान से गैस रिसाव, आंखों में जलन और खांसी से बेहाल हुए राहगीर; कई पहुंचे अस्पताल
गुरुवार रात इंदौर के रावजी बाजार में गैस फैलने से लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी ...और पढ़ें

HighLights
रावजी बाजार में गैस फैलने से लोगों को परेशानी हुई।
कबाड़ी द्वारा पुराना गैस सिलिंडर काटने से घटना हुई।
पुलिस ने फोम-पानी से गैस का प्रभाव कम किया।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। गुरुवार रात रावजी बाजार क्षेत्र में गैस फैलने से लोगों की आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी होने लगी। घटना रात करीब 10 बजे हुई। रास्ते गुजरते लोगों और वाहन चालकों की आंखों में जलन महसूस हुई।
इस दौरान क्षेत्र में खड़े और पैदल गुजर रहे लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी ओर तेज खांसी आने लगी। इस बीच किसी ने फोन लगाकर पुलिस को सूचना दी। पता चला कि क्षेत्र में एक दुकान में शहजाद नामक एक कबाड़ी एक पुराना गैस सिलिंडर काट रहा था।
इससे निकली गैस से लोगों को परेशानी हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने गैस सिलिंडर पर फोम और पानी का छिड़काव कर गैस के प्रभाव को कम किया। इस बीच कबाड़ी से पूछताछ की जा रही है कि उसने सिलिंडर कहा से लिया और कौन सी गैस थी।
आशंका जताई जा रही है कि सिलिंडर में अमोनिया गैस हो सकती है। जो पानी साफ करने से लेकर कई उद्योगों में काम ली जाती है। पुराने सिलिंडर में तली पर जमा गैस काटने के दौरान बाहर निकली और लोगों को परेशानी हुई। हवा ठंडी होने के कारण वातावरण में जल्द घुली नहीं और परेशानी का कारण बनी। कुछ लोग अस्पताल भी पहुंचे।
