वेल्डिंग की चिंगारी बनी आफत, इंदौर में धू-धूकर जलीं पांच बसें; सिलिंडर ब्लास्ट से इलाके में मचा हड़कंप
तीन इमली इलाके में वेल्डिंग की चिंगारी से पांच बसें जलकर खाक, आसपास के दोपहिया वाहन भी चपेट में आए। ...और पढ़ें

बसों में लगी आग से उठता धुआं।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, इंदौर। इंदौर शहर के तीन इमली इलाके में सोमवार को बड़ा हादसा टल गया। यहां खड़ी बसों की मरम्मत के दौरान वेल्डिंग से निकली चिंगारी ने भीषण आग का रूप ले लिया। देखते ही देखते एक के बाद एक पांच बसें आग की चपेट में आ गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास खड़े कई दोपहिया वाहन भी जलकर खाक हो गए।
आसमान में छाया धुएं का गुबार
बसों से उठता काला धुआं पूरे इलाके में फैल गया, जिससे रहवासियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

सिलिंडर ब्लास्ट से दहशत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जिस जगह बसें खड़ी थीं, वहीं उनकी मरम्मत का काम किया जा रहा था। वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी पहले एक बस में लगी और फिर आग ने पास खड़ी अन्य बसों को भी अपनी गिरफ्त में ले लिया। आग लगने के बाद वहां रखे गैस सिलिंडरों में धमाके होने लगे, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

स्थानीय लोग आक्रोशित, धरने पर बैठे
घटना के बाद स्थानीय रहवासी आक्रोशित हो गए। रहवासियों ने महापौर परिषद के सदस्य मनीष शर्मा के साथ ट्रैवल्स ऑफिस के बाहर धरना दे दिया और रिहायशी इलाके से बसों को हटाने की मांग करने लगे। लोगों का कहना है कि इससे पहले भी यहां बसों में आग लग चुकी है, बावजूद इसके प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
यह भी पढ़ें- हल्दी की शुभता में 'मिलावट' का ग्रहण : गंभीर एलर्जी ने किया परेशान, इंदौर में दूल्हे को वेंटिलेटर पर पहुंचाया
एमआईसी सदस्य मनीष शर्मा ने कहा कि पहले भी बसों को यहां से हटाने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन लापरवाही जारी रही। उन्होंने साफ कहा कि जब तक रिहायशी इलाके से बसों को हटाया नहीं जाएगा, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा।
