इंदौर के देवी अहिल्या विश्वविद्यालय का होगा विस्तार, तक्षशिला परिसर में बनेगा आधुनिक लेक्चर थिएटर
देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर में बढ़ती छात्र संख्या और कक्षाओं की कमी को देखते हुए तक्षशिला परिसर में 8 करोड़ ...और पढ़ें

तक्षशिला परिसर में बनेगा आधुनिक लेक्चर थिएटर।
HighLights
तक्षशिला परिसर में 8 करोड़ की लागत से नया लेक्चर थिएटर।
बढ़ती छात्र संख्या और कक्षाओं की कमी को करेगा दूर।
आधुनिक डिजिटल उपकरणों और सुविधाओं से लैस होगा यह भवन।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में बढ़ती छात्र संख्या और कक्षाओं की कमी को देखते हुए तक्षशिला परिसर में नया लेक्चर थिएटर बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय करीब आठ करोड़ रुपये की लागत से तीन मंजिला भवन तैयार करेगा। भवन निर्माण के प्रस्ताव को कार्यपरिषद की मंजूरी मिल चुकी है।
अधिकारियों के अनुसार, निर्माण कार्य पूरा होने में लगभग दो साल का समय लग सकता है। नए भवन का सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि विश्वविद्यालय के अलग-अलग विभाग यहां अपने विद्यार्थियों की नियमित कक्षाएं संचालित कर सकेंगे। इससे मौजूदा कक्षाओं पर बढ़ रहा दबाव कम होगा। भवन का उपयोग मुख्य रूप से शैक्षणिक गतिविधियों के लिए किया जाएगा।
विभागों के प्रशासनिक कार्य पूर्व की तरह संबंधित विभागों में ही संचालित होंगे। प्रस्तावित भवन में केवल लेक्चर थिएटर ही नहीं होगा, बल्कि सेमिनार और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के लिए हॉल भी बनाया जाएगा। विद्यार्थियों की विभिन्न गतिविधियों के लिए अलग कमरे उपलब्ध कराने की योजना है। भवन में आधुनिक डिजिटल उपकरण और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
नए कोर्स से बढ़ेगी छात्र संख्या कुलगुरु प्रो. राकेश सिंघई ने कहा कि विश्वविद्यालय में लगातार नए पाठ्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं। नए कोर्स शुरू होने से आने वाले वर्षों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ने की संभावना है। ऐसे में अतिरिक्त कक्षाओं और शैक्षणिक स्थान की आवश्यकता होगी। इसी भविष्य की जरूरत को ध्यान में रखकर नए भवन की योजना तैयार की गई है।
