'धार्मिक जुलूसों में DJ पर नशा कर नाचते हैं 90% युवा', MP में भाजपा सांसद गजेंद्र पटेल के बयान पर बवाल
भाजपा सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने धार्मिक जुलूसों में डीजे पर नाचने वाले 90% युवाओं को नशेड़ी बताया, जिससे विवाद ...और पढ़ें

खरगोन के ग्राम डोलानी में संबोधित करते सांसद गजेंद्र सिंह पटेल। (वीडियो ग्रैब)
HighLights
भाजपा सांसद गजेंद्र पटेल ने डीजे-नशे पर युवाओं को लेकर बयान दिया।
उन्होंने कहा 90% युवा धार्मिक जुलूसों में नशे में नाचते हैं।
कांग्रेस ने बयान को अपमानजनक बताया और माफी की मांग की।
डिजिटल डेस्क, खरगोन। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं झारखंड प्रभारी व खरगोन-बड़वानी से सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने धार्मिक जुलूसों (चल समारोह) और उत्सवों में साउंड सिस्टम (डीजे) और नशे को एक साथ जोड़कर बयान दिया है। पटेल ने अपने संसदीय क्षेत्र स्थित कसरावद तहसील के ग्राम डोलानी में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि शिवडोला, नवरात्र व गणेश विसर्जन की झांकियों में बजने वाले डीजे की धुन पर 90 प्रतिशत युवा व युवतियां चार-चार, पांच-पांच घंटे तक नशा करके नाचते हैं।
पटेल ने कहा कि डीजे व दारू का आपस में गहरा संबंध बन चुका है, जिससे युवा पीढ़ी भ्रमित हो रही है। किसी नियत स्थान पर सीमा में बजने वाला साउंड अलग बात है, लेकिन रैलियों व जुलूस में तेज डीजे का युवाओं पर नकारात्मक असर पड़ रहा है।
कांग्रेस ने दी तीखी प्रतिक्रिया
पटेल के इस पर बयान पर कांग्रेस की ओर से तीखी प्रतिक्रिया दी गई है। जिलाध्यक्ष रवि नाइक ने कहा है कि भाजपा सांसद ने धार्मिक व सामाजिक उत्सवों में भाग लेने वाले युवाओं को नशेड़ी कहकर अपमानित किया है। इसके लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए।
यह भी पढ़ें- फिल्म अभिनेता राजपाल यादव की बढ़ी मुश्किलें, महू कोर्ट ने जारी किया जमानती वारंट
हिंदुओं से पांच बच्चे पैदा करने की कर चुके अपील
बता दें कि पिछले दिनों इन्हीं भाजपा सांसद गजेंद्र पटेल ने हिंदू युवाओं से जल्दी शादी और पांच-पांच बच्चे पैदा करने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि देश में डेमोग्राफिक पैटर्न बदल रहा है। हमारा बर्थ रेट 1.9 है, जबकि दूसरे समुदाय का 2.9 है। युवा आज 30-35 की उम्र में शादी कर रहे हैं और एक या कोई बच्चा नहीं कर रहे।
