MP के आगर-मालवा में नर्सरी की आड़ में चल रही नशे की फैक्ट्री का भंडाफोड़, 10 करोड़ की एमडी ड्रग्स जब्त
एनसीबी मध्य प्रदेश ने आगर मालवा के आमला क्षेत्र में एक एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। तीर्थ हर्बल ...और पढ़ें

आगर-मालवा में इसी नर्सरी में चल रही थी नशे की फैक्ट्री।
HighLights
एनसीबी ने आगर मालवा में एमडी ड्रग्स फैक्ट्री पकड़ी।
नर्सरी से 31 किलो ड्रग्स, 10 करोड़ रुपये की जब्त।
अंतरराज्यीय गिरोह के शामिल होने की आशंका, जांच जारी।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) मध्य प्रदेश की टीम ने शनिवार को आगर मालवा जिले के गांव आमला क्षेत्र में एमडी ड्रग्स फैक्ट्री पकड़ी है। तीर्थ हर्बल फार्म हाउस नर्सरी में संचालित इस लैब (फैक्ट्री) से करीब 31 किलो एमडी ड्रग्स जब्त की गई है। जब्त ड्रग्स की घरेलू बाजार में कीमत करीब 10 करोड़ रुपए आंकी गई है। इसके अलावा लैब से ड्रग्स के निर्माण में उपयोग होने वाले 600 किलो केमिकल सहित कई उपकरण एवं मशीनें भी जब्त की गई हैं।
दूसरे राज्यों से जुड़ रहे तार
इस ड्रग्स फैक्ट्री से अंतरराज्यीय गिरोह के जुड़े होने की आशंका है। यहां तैयार ड्रग्स विभिन्न राज्यों में सप्लाई होने की बात भी सामने आई है। फिलहाल, मामले की जांच की जा रही है। यह भी पता किया जा रहा है कि नर्सरी किसकी है और यहां ड्रग्स फैक्ट्री किन लोगों के द्वारा संचालित की जा रही थी।
मुखबिर से मिली थी सूचना
दरअसल, अधिकारियों को एमडी ड्रग्स फैक्ट्री की जानकारी मुखबिर से मिली थी। शनिवार को कुछ लोग यहां ड्रग्स लेने आने वाले थे। लिहाजा, उज्जैन प्रकोष्ठ अधीक्षक मुकेश खत्री व अधीक्षक नीमच-जावरा प्रकोष्ठ वीएस कुमार के नेतृत्व में टीम ने सुबह चार बजे से घेराबंदी कर ली, दस बजे तक कोई नहीं आया तो नर्सरी में सर्चिंग शुरू की।
यह भी पढ़ें- क्रिप्टो निवेश का झांसा, आसान कमाई का लालच... इंदौर में सॉफ्टवेयर इंजीनियर से 6.58 लाख की साइबर ठगी
जहां 31 किलो 250 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ करीब 600 किलो सोडियम कार्बोनेट, ट्रायथाइलामाइन, सोडियम एस जैसे केमिकल व उपकरण और मशीनें मिलीं। आगर सीएसपी मोतीलाल कुशवाह और कोतवाली थाना प्रभारी शशि उपाध्याय भी पहुंचीं, लेकिन नारकोटिक्स टीम ने स्थानीय पुलिस को भाव नहीं दिया।
