बागेश्वर धाम विवाद में नया मोड़: साध्वी हर्षा का दावा- लगातार मिल रही धमकियां, बोलीं- डरने वाली नहीं
बागेश्वर धाम विवाद में साध्वी हर्षा ने धमकियां मिलने का दावा किया है। उनका कहना है कि वह धमकियों से ...और पढ़ें

साध्वी हर्षा व पं. धीरेंद्र शास्त्री।
HighLights
साध्वी हर्षा ने दावा किया उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं।
उन्होंने बागेश्वर धाम में महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठाए थे।
हर्षा ने कहा कि वे किसी भी धमकी से डरने वाली नहीं हैं।
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। छतरपुर के गढ़ा गांव स्थित बागेश्वर धाम को लेकर शुरू हुआ विवाद अब धमकियों के आरोपों तक पहुंच गया है। मॉडल से साध्वी बनीं हर्षा रिछारिया उर्फ हर्षानंद गिरि ने एक नया वीडियो जारी कर दावा किया है कि उन्हें लगातार आपत्तिजनक कमेंट, मैसेज, ई-मेल और धमकियां मिल रही हैं। हालांकि, उनके इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल सामने नहीं आई है।
'धमकियां देकर डराने की कोशिश न करें'
हर्षा रिछारिया ने अपने नए वीडियो में कहा कि वह पहले दिए गए बयान पर कायम हैं और किसी भी तरह की धमकी से पीछे हटने वाली नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें डराने की कोशिश करने वालों को यह समझ लेना चाहिए कि वह ऐसी धमकियों से नहीं डरेंगी।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि भविष्य में उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो उन लोगों पर संदेह जाएगा, जिनके श्रद्धालुओं की ओर से उन्हें धमकियां दिए जाने का वह दावा कर रही हैं। हालांकि, हर्षा ने किसी व्यक्ति, संत, आश्रम या संस्था का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया है।
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर उठाया था सवाल
पूरा विवाद हर्षा के उस वीडियो के बाद शुरू हुआ था, जिसमें उन्होंने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े बयान पर सवाल उठाए थे।
हर्षा ने किसी का नाम लिए बगैर कहा था कि अगर आश्रम के मठाधीश को अपने ही सेवादारों को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत महसूस हो रही है, तो आम श्रद्धालु धाम की सुरक्षा व्यवस्था पर किस तरह भरोसा करें। उन्होंने खासतौर पर महिलाओं और परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी।
हर्षा ने श्रद्धालुओं को सलाह दी थी कि वे धाम में अनावश्यक रूप से ज्यादा समय न रुकें और दर्शन के बाद अपने घर लौट जाएं। नए वीडियो में भी उन्होंने अपनी इस सलाह को दोहराते हुए कहा कि वह अपनी बात से पीछे नहीं हटेंगी।
धीरेंद्र शास्त्री ने भी की थी सावधानी की अपील
विवाद के बीच बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने 3 अक्टूबर की रात श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं, से सावधानी बरतने की अपील की थी।
उन्होंने कहा था कि महिलाएं अकेले बागेश्वर धाम न आएं और यदि अकेले आती हैं तो किसी अनजान व्यक्ति या सेवादार पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। उन्होंने धाम के आसपास करीब पांच किलोमीटर के क्षेत्र की सुरक्षा की जिम्मेदारी से खुद को अलग बताया था।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद बागेश्वर धाम की सुरक्षा और श्रद्धालुओं को लेकर दिए जा रहे बयानों पर विवाद और चर्चा तेज हो गई है।
