मुरैना: चंबल नदी में रील बनाते समय डूबा 14 साल का बेटा, बचाने कूदे पिता की मौत; बेटे की तलाश जारी
चंबल नदी में स्नान के दौरान रील बनाते समय 14 वर्षीय किशोर नदी में बह गया। बेटे को बचाने कूदे ...और पढ़ें

एसडीईआरएफ की टीम ने पिता के शव को नदी से बाहर निकाला।
HighLights
मुरैना में चंबल नदी में पिता-पुत्र डूबे।
बेटे को बचाने कूदे पिता का शव मिला।
14 वर्षीय बेटे वंशू की तलाश जारी है।
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। मुरैना के चिन्नौनी थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध बाबू बाबा मंदिर में दर्शन और जात लगाने पहुंचे ग्वालियर के एक परिवार पर उस वक्त दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब पूजा से पहले चंबल नदी में स्नान के दौरान पिता-पुत्र तेज बहाव में बह गए। बेटे को नदी में डूबता देख पिता ने उसे बचाने के लिए छलांग लगा दी, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण वह भी डूब गए।
घटना की सूचना मिलते ही घाट पर मौजूद एसडीईआरएफ की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने 45 वर्षीय देवेंद्र सिकरवार का शव नदी से बरामद कर लिया, जबकि उनके 14 वर्षीय बेटे वंशू सिंह सिकरवार की तलाश अभी जारी है। स्थानीय पुलिस और एसडीईआरएफ की टीमें नाव और गोताखोरों की मदद से नदी में सर्चिंग कर रही हैं।
ग्वालियर से एक दर्जन से ज्यादा लोग पहुंचे थे मंदिर
जानकारी के अनुसार ग्वालियर के बिरलानगर और चंदनपुरा क्षेत्र से एक दर्जन से अधिक लोग बाबू बाबा मंदिर में दर्शन और जात लगाने के लिए मुरैना पहुंचे थे। मंदिर में पूजा-अर्चना से पहले सभी लोग चंबल नदी के घाट पर स्नान करने पहुंचे।
इसी दौरान चंदनपुरा निवासी देवेंद्र सिकरवार और उनका 14 वर्षीय बेटा वंशू गहरे पानी में चले गए। देखते ही देखते दोनों नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गए।
वीडियो बनाते समय बिगड़ा संतुलन
बताया जा रहा है कि वंशू नदी किनारे मोबाइल से वीडियो/रील बना रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ा और वह नदी में जा गिरा। तैरना नहीं आने के कारण वह पानी में डूबने लगा। बेटे को संकट में देख देवेंद्र उसे बचाने के लिए तुरंत नदी में कूद गए, लेकिन तेज बहाव में वह भी संभल नहीं सके। घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई।
एसडीईआरएफ ने निकाला पिता का शव
हादसे के समय घाट पर एसडीईआरएफ की टीम मौजूद थी। सूचना मिलते ही जवानों ने तत्काल नदी में रेस्क्यू शुरू किया। टीम ने काफी प्रयास के बाद देवेंद्र सिकरवार का शव नदी से बाहर निकाल लिया।
वहीं वंशू का अभी तक पता नहीं चल पाया है। एसडीईआरएफ और पुलिस की टीमें नावों व गोताखोरों की मदद से नदी में अलग-अलग हिस्सों में तलाश कर रही हैं।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में 50 बच्चों से भरी स्कूल बस रोकी, ड्राइवर पर कट्टे से फायरिंग; 8 घंटे में तीन आरोपित गिरफ्तार
हादसे के बाद परिवार में मचा कोहराम
एक साथ मंदिर में दर्शन और जात लगाने पहुंचे परिवार के सामने अचानक हुए इस हादसे से मातम पसर गया। पिता की मौत और बेटे के लापता होने की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन की टीमें भी मौके पर मौजूद हैं और किशोर की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।
