ग्वालियर में निर्माणाधीन सीएम राइज स्कूल की छत ढही, चार मजदूर गंभीर घायल; हादसे के बाद काम बंद
ग्वालियर में निर्माणाधीन सीएम राइज स्कूल भवन की छत गिरने से बड़ा हादसा हुआ। हादसे में चार मजदूर गंभीर घायल हुए, जिसके बाद निर्माण कार्य रोक दिया गया।

निर्माणाधीन स्कूल भ्ज्ञवन की छत ढही।
HighLights
ग्वालियर में निर्माणाधीन सीएम राइज स्कूल की छत गिरी।
हादसे में चार मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
निर्माण कार्य रुका, गुणवत्ता जांच के आदेश दिए गए।
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। प्रदेश के ग्वालियर शहर में निर्माणाधीन सीएम राइज स्कूल भवन में बड़ा हादसा हो गया। शासकीय पदमा राजे विद्यालय परिसर में बन रही इमारत की छत अचानक ढह गई। हादसे में चार मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए शासकीय अस्पताल भेजा गया है। घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई और निर्माण कार्य तत्काल रोक दिया गया।
अचानक भरभराकर गिरी छत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब निर्माण स्थल पर मौजूद कुछ कर्मचारी और मजदूर लंच के लिए गए हुए थे। इसी दौरान अचानक छत ढह गई। राहत की बात यह रही कि घटना के वक्त छत पर अधिक मजदूर मौजूद नहीं थे, वरना हादसा और भी गंभीर हो सकता था।

पुलिस हाउसिंग बोर्ड करा रहा था निर्माण
सीएम राइज स्कूल भवन का निर्माण पुलिस हाउसिंग बोर्ड के माध्यम से कराया जा रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटना के बाद निर्माण स्थल पर काम बंद करा दिया गया है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर के मदरसे से मुक्त कराए गए 22 बच्चे, बाल कल्याण समिति को मिली गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
निर्माण गुणवत्ता की होगी जांच
हादसे में हरीराम, राम झरोखा, राजेश बंसल और दिलेश्वर घायल हुए हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, चारों को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
प्रशासन ने निर्माण की गुणवत्ता की जांच के निर्देश दिए हैं। अब जांच में यह पता लगाया जाएगा कि छत गिरने के पीछे निर्माण में किसी तरह की खामी, तकनीकी चूक या अन्य कौन-से कारण जिम्मेदार थे।
