ग्वालियर के कारोबारी से 1.63 करोड़ की साइबर ठगी का म्यूल अकाउंट कनेक्शन, मेरठ से तीन गिरफ्तार; रोजाना ₹5000 में दिया था बैंक खाता
ग्वालियर के एक कारोबारी से 1.63 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में क्राइम ब्रांच ने उत्तर प्रदेश के ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
ग्वालियर के कारोबारी से 1.63 करोड़ रुपये की साइबर ठगी।
मेरठ से तीन आरोपी गिरफ्तार, म्यूल बैंक खाते का उपयोग।
प्रतिदिन 5000 रुपये में ठगों को किराये पर दिया गया था खाता।
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। निवेश के नाम पर कारोबारी के साथ हुई एक करोड़ 63 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम ने उत्तर प्रदेश के मेरठ से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने साइबर ठगों को अपनी फर्म जुबेर टेलीकॉम मेरठ का बैंक खाता उपलब्ध कराया था।
पुलिस ने इन्हें दबोचा
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में फर्म के डायरेक्टर मोहम्मद जुबेर (24) पुत्र नसीम अहमद, निवासी उज्ज्वल गार्डन, मेरठ के अलावा समीर (24) पुत्र मोहम्मद उमर, निवासी माजिद नगर, लिसाड़ी गेट, मेरठ व बिलाल सैफी (22) पुत्र रहीस अहमद, निवासी हुमायूं नगर, मेरठ शामिल हैं। पुलिस के अनुसार ठगों को फर्म का बैंक खाता पांच हजार रुपये प्रतिदिन पर उपलब्ध कराया गया था। इस खाते में सात राज्यों में हुई ठगी की धनराशि भेजी गई थी।
तीन माह के दौरान हुई थी ठगी
बता दें कि शहर के बहोड़ापुर रामदास घाटी, एबी रोड निवासी कारोबारी मनीष जैन से 22 अप्रैल से 20 जुलाई के बीच निवेश के नाम पर एक करोड़ 63 लाख रुपये की ठगी हुई थी। पुलिस जांच में पता चला कि ठगी की रकम में से 11 लाख रुपये इंडसइंड बैंक शाखा मेरठ के एक करंट खाते में ट्रांसफर किए गए थे। यह खाता ‘जुबेर टेलीकॉम मेरठ’ के नाम से पंजीकृत है। तकनीकी साक्ष्यों और बैंक लेनदेन की पड़ताल के आधार पर पुलिस टीम मेरठ पहुंची और तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
चचेरे भाई के कहने पर बैंक खाता दिया
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मोहम्मद जुबेर ने अपने चचेरे भाई समीर के कहने पर अपनी फर्म ‘जुबेर टेलीकॉम’ का बैंक खाता बिलाल सैफी को उपलब्ध कराया था। इसके बदले जुबेर को पांच हजार रुपये प्रतिदिन देने का सौदा हुआ था। पुलिस इसे साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले म्यूल बैंक खातों की कड़ी मान रही है।
जांच में यह भी सामने आया कि बिलाल सैफी वाट्सएप के जरिए ‘साधू’ नाम के किसी व्यक्ति के संपर्क में था। साधू ने उसे और उसके साथियों को दिल्ली बुलाया था।
यह भी पढ़ें- MP में जाली दस्तावेजों से बौद्ध अनुयायी बताकर बनवाए 70 बांग्लादेशियों के पासपोर्ट; STF ने सरगना समेत दो को दबोचा
दिल्ली से भी जुड़े तार
आरोपित दिल्ली के आदर्श नगर स्थित होटल क्लाउड इन में रुके थे। इसी दौरान पूर्व में गिरफ्तार आरोपित अविनाश राय के बैंक खाते से ठगी की रकम जुबेर टेलीकॉम के खाते में पहुंची। इसके बाद बिलाल ने अपने दिल्ली वाले वाट्सएप साथी के साथ मिलकर रकम अन्य बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी। पुलिस दिल्ली से जुड़े साइबर अपराधियों के साथ-साथ गिरोह के कथित मास्टरमाइंड ‘साधू’ की तलाश भी कर रही है।
