'बहन-बेटियां अकेली न आएं', बागेश्वर धाम में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर धीरेंद्र शास्त्री की अपील, बोले- सेवादार पर भी आंख मूंद न करें भरोसा
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा के लिए अहम अपील की है। ...और पढ़ें

बागेश्वर धाम के कथावाचक पं. धीरेंद्र शास्त्री।
HighLights
धीरेंद्र शास्त्री ने बागेश्वर धाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर जोर दिया।
महिलाओं से अकेले न आने और अनजान पर भरोसा न करने की अपील।
धाम की बदनामी रोकने और अप्रिय घटना से बचने का आग्रह।
डिजिटल डेस्क, छतरपुर। प्रदेश के छतरपुर जिले के गढ़ा स्थित प्रसिद्ध बागेश्वर धाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अहम अपील की है। शनिवार रात दिव्य दरबार के दौरान उन्होंने खासतौर पर माताओं-बहनों से कहा कि वे धाम पर अकेली न आएं। यदि किसी कारणवश अकेले आना पड़े तो किसी अनजान व्यक्ति या सेवादार पर आंख मूंदकर भरोसा न करें।
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने श्रद्धालुओं से खुद सतर्क, सजग और सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ कहीं न जाएं और धाम में अनावश्यक रूप से लंबे समय तक न ठहरें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को अपनी सुरक्षा और सामान की जिम्मेदारी खुद समझदारी से निभानी होगी।
‘अनजान व्यक्ति पर भरोसा न करें’
पं. धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि बागेश्वर धाम करीब पांच किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है। मंदिर परिसर और हॉल की व्यवस्था एवं सुरक्षा धाम प्रबंधन की जिम्मेदारी है, लेकिन पूरे क्षेत्र में सुरक्षा की जिम्मेदारी लेना संभव नहीं है। ऐसे में श्रद्धालुओं को अपनी ओर से भी सावधानी बरतनी होगी।
उन्होंने माताओं-बहनों से विशेष रूप से कहा कि यदि वे अकेली धाम आती हैं तो किसी अनजान व्यक्ति अथवा सेवादार पर आंख मूंदकर विश्वास न करें। मंदिर परिसर और निर्धारित हॉल के अलावा किसी अनजान जगह पर जाने से भी बचें।
‘किसी अप्रिय घटना से धाम की बदनामी न हो’
धीरेंद्र शास्त्री ने वृंदावन समेत अन्य धार्मिक स्थलों पर सामने आई घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि वह नहीं चाहते कि किसी अप्रिय घटना के कारण बागेश्वर धाम या श्री बालाजी महाराज की बदनामी हो। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे किसी अनजान व्यक्ति के बहकावे में न आएं और अपनी सुरक्षा को लेकर खुद भी जागरूक रहें।
यह भी पढ़ें- OBC क्रीमीलेयर पर हाई कोर्ट का बड़ा फैसला: माता-पिता के वेतन व प्रमोशन के आधार पर तय नहीं कर सकते पात्रता
सनातन धर्म को लेकर भी कही बात
इस दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि वर्तमान समय में सनातन धर्म को लेकर कई तरह के विवाद और घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने दावा किया कि कुछ लोग लगातार सनातन धर्म और उनके पीछे पड़े हैं तथा उपद्रव करते रहते हैं। ऐसे में उन्होंने श्रद्धालुओं से किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए सतर्क रहने की अपील की।
