महिला को उसके पति ने जिंदा जलाया
ग्वालियर, जागरण संवाददाता। शिवपुरी जिले के ग्राम रिझारी में पति-पत्नी का विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि पति सहित ससुराल के अन्य लोगों ने विवाहिता की पहले पिटाई की और बाद में मिंट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा दी। अब महिला 90 प्रतिशत से ज्यादा जल गयी है और अस्पताल में मौत से संघर्ष कर रही है। घटना के बाद पति सहित ससुराल वाले फरार हो गए हैं।
इस बारे में पुलिस ने बताया कि रिझारी निवासी रणवीर रावत की पत्नी ममता के बीच गुरुवार को किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इससे नाराज होकर रणवीर ने उसकी पिटाई कर दी और बाद में उसके ससुराल वालों के साथ मिलकर ममता पर मिंट्टी का तेल डाला और आग लगा दी। ममता ने अपने पति से बचाने की अपील की, लेकिन उसने एक नहीं सुनी। अंत में पड़ोसियों ने पुलिस को खबर की। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक रणवीर व उसके परिजन वहां से भाग गए। पुलिस ने 90 फीसदी अवस्था में जली हुई ममता को अस्पताल पहुंचाया। यहां पर उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। पुलिस के मुताबिक रणवीर शराब पीने का आदी था और उसकी पत्नी इसके लिए मना करती थी। आज भी इसी बात पर झगड़ा हुआ और उसे जला दिया गया। अब आरोपी पति सहित अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर