विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 08, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Madhya Pradesh: भिंड में युवक की बेरहमी से हत्या, चाकू-कुल्हाड़ी से किया वार; गले के साथ अंगुलियां भी काटी

By Babita KashyapEdited By:
Published: Mon, 08 Aug 2022 12:13 PM (IST)

मध्‍य प्रदेश के भिंड के मोहित नगर हजूरीपुरा में अज्ञात लोगों ने चाकू व कुल्हाड़ी से काट कर एक युवक ...और पढ़ें

मोहित नगर हजूरीपुरा में चाकू व कुल्हाड़ी से काट कर एक युवक की निर्दयता से हत्या ।
मोहित नगर हजूरीपुरा में चाकू व कुल्हाड़ी से काट कर एक युवक की निर्दयता से हत्या ।

भिंड, जागरण आनलाइन डेस्‍क। रविवार देर रात भिंड से करीब चार किलोमीटर दूर मोहित नगर हजूरीपुरा में अज्ञात लोगों ने चाकू व कुल्हाड़ी से काट कर एक युवक की निर्दयता से हत्या कर दी। आरोपितों ने युवक का गला काटने के साथ ही हाथ की दो अंगुलियां भी काट ली हैं।

सुबह छह बजे ग्रामीणों ने युवक के शव को सड़क पर पड़ा देखा और मृतक के भाई को सूचना दी। मौके पर पहुंची देहात पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को पोस्‍टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।

घर से 30 मीटर दूर पड़ा था शव

मिली जानकारी के अनुसार 40 वर्षीय धर्मवीर बघेल पुत्र हरविलास बघेल निवासी मोहित नगर हजूरीपुरा मावा बनाता था। रविवार की रात धर्मवीर गांव में रहने वाले परिवार के भाई के साथ कहीं गया हुआ था। इसके बाद वह रात भर घर नहीं आया। सुबह छह बजे धर्मवीर का शव घर से करीब 30 मीटर दूर पड़ा मिला। ग्रामीणों ने शहर के स्वतंत्र नगर में रहने वाले मृतक के बड़े भाई रामदुलारे बघेल को इसकी जानकारी दी।

हाथ की दो उंगलियां भी काट दी

भाई ने देहात थाने को सूचना दी और खुद भी मौके पर पहुंचे। रामदुलारे के मुताबिक, धर्मवीर की बेरहमी से हत्या की गई थी। उसके गले में चाकू और कुल्हाड़ी से वार किया गया है। साथ ही हाथ की दो उंगलियां भी काट दी गई हैं। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्‍टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। इसके साथ ही पुलिस ने मौके के आसपास भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात का भी पता लगा रही है कि मृतक का हाल ही में किसी से कोई विवाद तो नहीं हुआ है।

वर्जन

हजूरीपुरा में सुबह एक युवक का शव मिला। मृतक के शरीर पर चाकू व कुल्हाड़ी से वार के निशान मिले हैं। शव को पोस्‍टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।

विनोद सिंह कुशवाहा, टीआई देहात