Divorce Case: पति ने घर में शौचालय बनवाया, तब पत्नी ने वापस लिया तलाक का केस
Divorce Case ससुराल में शौचालय नहीं होने पर पत्नी पति के खिलाफ तलाक का केस कर दिया। इसके बाद जब पति ने घर में शौचालय बनवाया तब पत्नी साथ रहने के लिए तैयार हुई और तलाक का केस भी वापस लिया।
भोपाल, जेएनएन। मध्य प्रदेश के भोपाल में एक महिला ने ससुराल में शौचालय नहीं होने पर पति के खिलाफ तलाक का केस कर दिया। इसके बाद जब पति ने घर में शौचालय बनवा दिया, तब पत्नी साथ रहने के लिए तैयार हुई और उसने तलाक का केस भी वापस ले लिया। इस दंपती की शादी करीब पांच साल पहले हुई। भोपाल से शादी के बाद जब दुल्हन अपनी सुसराल विदिशा पत्नी तो वहां शौचालय नहीं मिला। उसने इस समस्या के संबंध में अपने पति और ससुराल वालों से बात की, मगर किसी ने ध्यान नहीं दिया। इसके बाद वह रूठकर मायके चली गई। उसने सोचा कि सुुसराल वाले उसकी बात मान जाएंगे, मगर ऐसा नहीं हुआ, तब वह कोर्ट पहुंची। करीब साढ़े चार साल तक पति और पत्नी अलग-अलग रहे। जब दोनों के बीच समझौता करवाने की कोशिश की गई तो पत्नी ने कहा कि उसके कमरे के साथ शौचालय की व्यवस्था की जाए।
इस तरह हुआ समस्या का समाधान
वहीं, ससुराल वाले उसकी यह मांग मानने के लिए तैयार नहीं हुए। इसके बाद पत्नी ने न्यायालय में केस कर दिया। इस संबंध में काउंसिलिंग के बाद पता चला कि शौचालय के लिए दोनों में आपसी मतभेद है। पति कह रहा है कि मेरे घर में अन्य महिलाएं भी हैं, उनको कभी कोई समस्या नहीं आई। हालांकि बाद में काउंसिलिंग के बाद पति ने शौचालय बनवा दिया। इसके बाद पत्नी उसके साथ रहने के लिए तैयार हो गई और केस भी वापस ले लिया। इसके बाद पति ने फिर पत्नी की विदाई कराई और अपने घर ले गया। लोक अदालत में काफी समय बाद इस मामले का निराकण हुआ। कुटुंब न्यायालय की काउंसलर सरिता राजानी के मुताबिक, पति और पत्नी के बीच घर में शौचालय बनवाने को लेकर विवाद था। इसके बाद पति और ससुराल वालों को काउसिलिंग कर समझाया गया। जब ने पति शौचालय बनवा दिया तो पत्नी ससुराल वापस आने के लिए तैयार हो गई और केस वापस ले लिया।