MP के विदिशा में है अनूठा गांव... जहां बहू नहीं, दामाद रखता है ससुराल में कदम, वहीं बसाता है गृहस्थी
विदिशा जिले के भटौली गांव में एक अनूठी परंपरा है, जहाँ बेटियाँ ससुराल जाने के बजाय दामाद ही अपने ससुराल ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक तस्वीर एआई से निर्मित।
HighLights
विदिशा के भटौली गांव में दामादों के बसने की अनूठी परंपरा।
इस गांव में लगभग 80% घरों की जिम्मेदारी दामाद ही संभालते हैं।
यह प्रथा तीन पीढ़ियों से चली आ रही सामाजिक समरसता का प्रतीक।
अजय जैन, विदिशा। भारतीय समाज में सदियों से यह रीति रही है कि शादी के बाद बेटियां अपना मायका छोड़कर ससुराल की देहरी लांघती हैं। लेकिन विदिशा जिले का एक छोटा सा गांव इस सामाजिक परिपाटी को बड़े ही सलीके से पलट रहा है। सिरोंज जनपद मुख्यालय से करीब आठ किलोमीटर की दूरी पर बसा भटौली गांव आज पूरे अंचल में अपनी एक अलग ही पहचान बना चुका है।
करीब 650 की आबादी और 100 परिवारों वाले इस गांव में परंपराएं मायके और ससुराल के फर्क को मिटाती नजर आती हैं। यहां लगभग 80 फीसदी घरों की पूरी बागडोर दामादों के हाथों में है। सबसे खास बात यह है कि यह किसी मजबूरी या हाल-फिलहाल का बदलाव नहीं है, बल्कि पीढ़ी-दर-पीढ़ी चला आ रहा एक ऐसा सामाजिक ताना-बाना है, जिसे हर वर्ग ने बेहद आदर के साथ अपनाया है।
तीन पीढ़ी से चली आ रही परंपरा
भटौली गांव में दामादों के बसने की कहानी एक-दो दशकों की नहीं, बल्कि तीन पीढ़ियों पुरानी है। गांव में इस सिलसिले की शुरुआत इकलोद निवासी बुद्धा चौकीदार से हुई थी। इसके बाद उनकी बेटी सुमित्रा बाई से शादी कर बासौदा के गोविंदी निवासी गडरू यहां आकर बस गए। यह सिलसिला यहीं नहीं थमा, गडरू की बेटी केराबाई का विवाह जब हीरालाल से हुआ, तो वे भी भटौली की माटी के होकर रह गए।
दामाद संभाल रहे घर की जिम्मेदारी
इस तरह एक ही छत के नीचे लगातार तीन पीढ़ियों से दामाद ही घर-गृहस्थी की पूरी जिम्मेदारी संभालते आ रहे हैं। इतना ही नहीं, गांव के कई घरों में तो एक साथ दो-दो दामाद घर जमाई बनकर रह रहे हैं। बासौदा के मुंशीलाल रघुवंशी के भटौली बसने के बाद उनकी बेटियों रामश्री और आधार बाई के पति ओमकार सिंह व लाल सिंह भी इसी गांव को अपना घर बनाकर एक साथ रह रहे हैं।
मंदिर की पूजा से लेकर खेती तक, हर वर्ग में एक-सी डोर
भटौली की इस अनूठी परंपरा की सबसे सुंदर तस्वीर यह है कि यह किसी एक वर्ग या जाति तक सीमित नहीं है। पंडित समाज से लेकर रघुवंशी, कुशवाह और आदिवासी परिवारों तक में यह परिपाटी समान रूप से देखने को मिलती है।
थानरपुर से दामाद बनकर आए प्रभुलाल शर्मा के बाद उनके दामाद रामबाबू शर्मा भी यहीं बस गए और आज वे गांव के मुख्य मंदिर में पूजा-पाठ का दायित्व संभाल रहे हैं। वहीं बीना, छीपनी, सांकलखेड़ा और सुगनिया जैसे अलग-अलग अंचलों से आए दामाद गांव की सामाजिक और सांस्कृतिक व्यवस्था में पूरी तरह रच-बस चुके हैं।
यह भी पढ़ें- MP में कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर: 10 साल बाद मिली पदोन्नति, अब एक साल में दूसरी बार प्रमोशन का प्रस्ताव
बेटियों के मान और बुजुर्गों के दुलार ने दिखाई नई राह
स्थानीय बुजुर्गों की मानें तो शुरुआत में जिन परिवारों में बेटे नहीं थे, उन्होंने अपनी पैतृक संपत्ति, खेती-किसानी की देखरेख और ढलती उम्र में सहारा पाने के लिए दामादों को गांव में ही बसाने की पहल की थी।
समय के साथ आपसी सहयोग, सम्मान और जुड़ाव की यह परिपाटी इतनी सहज हो गई कि बाहर से आए दामादों को कभी पराएपन का अहसास ही नहीं हुआ। आज भटौली गांव अपनी इसी अटूट सामाजिक समरसता और रूढ़ियों को तोड़ती अनूठी परंपरा के लिए दूर-दूर तक सराहा जा रहा है।
