Madhya Pradesh: केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने चाक पर बनाया मिट्टी का बर्तन
Madhya Pradesh केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गाड़ी रुकवाई और कुम्हार के पास पहुंच गए। सिंधिया को सामने देख कुम्हार हैरान रह गया। इसके बाद सिंधिया खुद चाक चलाने बैठे। इस तरह सिंधिया ने राजनीति के चाक पर अंगुलियों का नर्तन करते हुए मिट्टी के बर्तन बनाए।
ग्वालियर, जेएनएन। मध्य प्रदेश में केंद्रीय नगारिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का गुरुवार को ग्वालियर में नया रूप दिखाई दिया। वे जब किशनबाग-लक्ष्मीपुरम में तीस बिस्तर के अस्पताल का भूमिपूजन करने जा रहे थे, तभी उनकी नजर मिट्टी के बर्तन बना रहे एक कुम्हार पर पड़ गई। यह देख सिंधिया ने गाड़ी रुकवाई और सीधे उस कुम्हार के पास पहुंच गए। सिंधिया को सामने देख कुम्हार हैरान रह गया। इसके बाद सिंधिया खुद चाक चलाने बैठे। इस तरह सिंधिया ने राजनीति के चाक पर अंगुलियों का नर्तन करते हुए मिट्टी के बर्तन बनाए। उनके साथ ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर सहित सैकड़ों कार्यकर्ता भी थे। इसके बाद सिंधिया किशनबाग-लक्ष्मीपुरम पहुंचे और एक करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से तैयार तीस बिस्तरीय अस्पताल का भूमिपूजन किया।
इस बीच, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में जीत से उत्साहित भाजपा ने प्रदेश पार्टी कार्यालय में जश्न मनाया। पांच राज्यों के चुनाव परिणाम स्पष्ट होते ही हजारों कार्यकर्ताओं ने गाजे-बाजे के साथ पहुंचकर आतिशबाजी भी की। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने चार राज्यों के विधानसभा चुनाव में जीत पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के कुशल नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए आभार माना। इस अवसर पर मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चार राज्यों की इस विजय ने पार्टी कार्यकर्ताओं पर आने वाले दिनों में जनसेवा, गरीब कल्याण का दायित्व दिया है। जीत को हमें पूरी विनम्रता के साथ शिरोधार्य करना है।
शिवराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जनता की नजरों में केवल नेता ही नहीं बल्कि जनता का विश्वास और श्रद्धा के केंद्र हैं। वे भारत के लिए भगवान का वरदान हैं। जिनके नेतृत्व में गौरवशाली, वैभवशाली, संपन्न, समृद्ध और शक्तिशाली देश का निर्माण हो रहा है। यह विकास की विजय है। देश की जनता का विश्वास है कि मोदी जी हैं तो मुमकिन है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में वैक्सीन, गरीब कल्याण की योजनाएं, बहन-बेटियों का उत्थान और आतंकवाद का खात्मा हो रहा है। मोदी यूक्रेन से भारत के नागरिकों को वापस लाते हैं तब बांग्लादेश की प्रधानमंत्री और पाकिस्तान की बेटी धन्यवाद देती है।
विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि यह जीत पीएम मोदी के गरीब कल्याण की योजनाएं, समर्थन, स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद का प्रतिफल हैं। देश में अमित शाह की कुशल रणनीति, जेपी नड्डा की संगठन तंत्र की मजबूती और प्रधानमंत्री के प्रति जनता के अपार स्नेह से चार राज्यों के चुनाव प्रचंड बहुमत मिला है। मध्य प्रदेश भाजपा के सैक़़डों कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश में जो मेहनत की, उसके लिए बधाई देता हूं। इससे यह तय हो गया है कि जो भयमुक्त उत्तर प्रदेश बनाया है उसको बहुमत देने का काम जनता ने किया है। इसी बीच, भाजपा के वरिष्ठ नेता और हरियाणा के पूर्व राज्यपाल सोलंकी ने ट्वीट कर आम आदमी पार्टी (आप) से प्रेरणा लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जब जीतती है तो सभी का सूपड़ा साफ कर देती है। उसकी कार्यशैली का अनुकरण करने की जरूरत है।