विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उज्जैन: सीवरेज काम में लापरवाही के कारण 5 फीट गहरे खुले गड्ढे में गिरी बाइक, बाल-बाल बचा युवक

Published: Fri, 25 Sep 2026 07:48 AM (IST)Updated: Fri, 25 Sep 2026 07:57 AM (IST)

उज्जैन में हनुमान नाका के पास सीवर लाइन के लिए खोदे गए 5 फीट गहरे गड्ढे में एक बाइक सवार गिर गया, जिसकी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।

उज्जैन में बाइक 5 फीट गहरे खुले गड्ढे में गिरी।

उज्जैन में बाइक 5 फीट गहरे खुले गड्ढे में गिरी।

HighLights

  1. उज्जैन में सीवर के खुले गड्ढे में बाइक सवार गिरा।

  2. सीसीटीवी में कैद हुई घटना, प्रशासन की लापरवाही उजागर।

  3. स्थानीय लोगों ने युवक को बचाया, उसे मामूली चोटें आईं।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर में प्रशासन और ठेकेदारों की लापरवाही का एक और मामला सामने आया है। यहां हनुमान नाका के पास गड़ा पुलिया इलाके में सीवर लाइन के लिए खोदे गए करीब 5 फीट गहरे गड्ढे में एक बाइक सवार अचानक जा गिरा। यह पूरी घटना पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि बाइक सवार अपनी मोटरसाइकिल लेकर सड़क से गुजर रहा था। सड़क पर खोदे गए गहरे गड्ढे के पास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने के कारण बाइक चालक अपना संतुलन खो बैठा और सीधे उस खुले गड्ढे में जा गिरा। गनीमत रही कि इस हादसे में उसकी जान बच गई।

कैसे बची युवक की जान?

युवक के गड्ढे में गिरते ही वहां चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद दुकानदारों और राहगीरों ने बिना कोई देरी किए दौड़ लगाकर युवक को बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में युवक को केवल मामूली चोटें ही आईं। अगर वहां लोग मौजूद नहीं होते, तो एक बड़ा हादसा हो सकता था।

स्थानीय लोगों ने लगाए गंभीर आरोप

मामले में घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि सीवर के लिए खोदे गए इस खतरनाक गड्ढे के आसपास पिछले एक हफ्ते से ना तो सही तरीके से बैरिकेडिंग की गई थी और ना ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था। लोगों का कहना है कि प्रशासन और निर्माण कार्य करा रही एजेंसी की इस भारी लापरवाही के कारण कभी भी कोई गंभीर या जानलेवा हादसा हो सकता है।

कुछ दिन पहले ही हुई थी एक व्यक्त की मौत

गौरतलब है कि यह घटना इसलिए भी बेहद गंभीर है क्योंकि इसके कुछ दिन पहले ही उज्जैन में खुले गड्ढे के कारण एक अन्य सड़क हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई थी। लगातार हो रहे ऐसे हादसों के बाद अब शहर में निर्माण स्थलों की सुरक्षा और नगर निगम के कामकाज पर बड़े सवाल खड़े होने लगे हैं।