विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 03, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Shivpuri: युवती से छेड़छाड़ के झूठे आरोप में दो युवको के साथ मारपीट, 7 के खिलाफ मामला दर्ज; 6 गिरफ्तार

By Jagran NewsEdited By: Sonu Gupta
Published: Mon, 03 Jul 2023 07:22 PM (IST)

शिवपुरी नरवर थानांतर्गत ग्राम बरखाड़ी में दो युवकों पर एक युवती के साथ छेड़छाड़ा का मामला सामने आया था जिसके ...और पढ़ें

युवती से छेड़छाड़ के झूठे आरोप में दो युवको के साथ मारपीट।
युवती से छेड़छाड़ के झूठे आरोप में दो युवको के साथ मारपीट।

शिवपुरी, जेएनएन। शिवपुरी नरवर थानांतर्गत ग्राम बरखाड़ी में दो युवकों पर एक युवती के साथ छेड़छाड़ा का मामला सामने आया था, जिसके बाद दो युवकों पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए उनके साथ मारपीट की गई थी और उनके चेहरे पर कालिख पोतकर जुलूस निकाला गया। हालांकि, पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू की थी और दोनों के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला साबित नहीं हुआ। युवकों के शिकायत पर इस मामले में सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है, जिसमें से छह लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है, जबकि सातवां फरार हो गया है।

गांव बुलाकर की थी मारपीट

मालूम हो कि बरखाड़ी गांव के कुछ लोगों ने गांव की युवती से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए अनुज जाटव व संतोष केवट नाम के दो युवकों के साथ दुर्व्यवहार किया था। आरोप के मुताबिक, ये दोनों युवक गांव की एक युवती को परेशान कर रहे थे और इन्हें सबक सिखाने के लिए पहले एक योजना बनाकर गांव में बुलाया गया। हालांकि, जब दोनों युवक गांव में आए तो उनके साथ मारपीट की गई।

घटना का वीडियो हुआ था वायरल

इस दौरान युवक के चेहरे पर कालिख पोतकर और गले में जूते की माला डालकर जुलूस निकाला गया। बाद में इन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया। बाद में इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हुआ था। हालांकि, पुलिस ने दोनों युवकों से पूछताछ की थी तो दोनों ने अपने उपर लगे आरोपों से इनकार कर दिया था।

नहीं हुआ छेड़छाड़ का मामला सिद्ध

पुलिस की पड़ताल में भी लड़की के साथ छेड़छाड़ का आरोप सिद्ध नहीं हो पाया। जिस समय घटना हुई युवती वहां मौजूद नहीं थी, युवकों की युवती से केवल फोन पर बात हुई थी। एसपी रघुवंश भदौरिया ने बताया कि इस मामले में युवकों की शिकायत के आधार पर अजमत खान, वकील खान, आरिफ खान, शाहिद खान, इस्लाम खान, रहीशा बानो, साइना बानो के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर छह आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक आरोपित फरार है।