गंभीर बीमारियों की वजह से भी हो सकती है पेट फूलने की समस्या, न करें नजरअंदाज
Health Tipsबिगड़ती की जीवनशैली और खान पान की खराब आदतों की वजह से पेट फूलने की समस्या हो जाती है। लेकिन इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए क्योंकि ये कभी-कभी गंभीर रोगों की वजह से भी हो सकती है।
इंदौर, जेएनएन। आज की व्यस्त कार्यशैली और बिगड़ती जीवनशैली की वजह से लोग किसी न किसी तरह की स्वास्थ्य समस्याओं के साथ जीने लगे हैं। लगातार काम की वजह से तनाव बढ़ जाता है और समय की कमी के कारण लोग अक्सर बाहर का खाना खाते हैं। बाहर का खाना अक्सर अधिक वसायुक्त और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होता है।
डायटीशियन और न्यूट्रिशनिस्ट डॉ. आरती मेहरा के मुताबिक बाहर का खाना अधिक खाने से लोगों को पाचन संबंधी समस्याएं हो जाती हैं। इस वजह से पेट फूलने लगता है।
डॉ. मेहरा ने बताया कि सिर्फ जंक फूड या खराब लाइफस्टाइल ही इसका कारण नहीं है। कई गंभीर बीमारियां भी हो सकती हैं, जिससे आपका पेट फूल सकता है। अगर आपको बिना जंक फूड खाए अक्सर पेट फूलने की शिकायत होने लगती है तो यह किसी अंदरूनी बीमारी का संकेत हो सकता है।
अगर पेट फूलने की समस्या खराब खान-पान या खराब लाइफस्टाइल की वजह से नहीं हो रही है तो इसके पीछे गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल रोग भी हो सकते हैं। पाचन तंत्र के अंगों को अत्याधिक प्रभावित करने वाले कई रोग हैं, जो पेट फूलने का कारण बन सकते हैं।
गैस बनने और पेट फूलने के कारण ज्यश भोजन करना, अधिक समय तक भूखा रहना, चटपटा या मसालेदार भोजन करना, ऐसा भोजन करना जो पचने में मुश्किल हो, बिना भोजन को ठीक से चबाए खाना, बहुत अधिक चिंता करना, शराब पीना भी हो सकता है। कुछ दवाओं के सेवन से भी ऐसी समस्या हो जाती है। गैस और पेट फूलने के लक्षणों की बात करें तो भूख न लगना, सांसों की दुर्गंध, पेट में सूजन, उल्टी, अपच, दस्त और पेट फूलना प्रमुख हैं।
आप भी कर सकते हैं ये उपाय-
- अगर आप गैस या पेट फूलने की समस्या से छुटकारा पाना चाहते हैं तो पेट पर हल्की मालिश करें।
- सेब के सिरके को पानी में मिलाकर पीने से भी लाभ होता है।
- डॉक्टर की सलाह के बाद ही गैस की दवा लें।
- गैस की समस्या दूर करने के लिए चूर्ण आदि का प्रयोग करें।
- अगर घरेलू नुस्खों से पेट की गैस दूर नहीं हो रही है तो यह किसी अंदरूनी बीमारी का संकेत हो सकता है। ऐसे में आपको डॉक्टरी सलाह लेनी चाहिए।