Move to Jagran APP

MP Congress President: सोनिया गांधी मनोनीत करेंगी मध्य प्रदेश में कांग्रेस अध्यक्ष

MP Congress President मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कार्यकारिणी पदाधिकारी चुनाव समिति और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी मनोनीत करेंगी। इसके लिए मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधियों की बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Published: Sat, 17 Sep 2022 08:11 PM (IST)Updated: Sat, 17 Sep 2022 08:11 PM (IST)
MP Congress President: सोनिया गांधी मनोनीत करेंगी मध्य प्रदेश में कांग्रेस अध्यक्ष
सोनिया गांधी मनोनीत करेंगी मध्य प्रदेश में कांग्रेस अध्यक्ष। फाइल फोटो

भोपाल, जेएनएन। MP Congress President: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष, कार्यकारिणी, पदाधिकारी, चुनाव समिति और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य मनोनीत करेंगी। इसके लिए मप्र कांग्रेस प्रतिनिधियों की शनिवार को हुई बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया। नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह (Govid Singh) ने पार्टी अध्यक्ष को अधिकृत करने का प्रस्ताव रखा, जिसका समर्थन पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव (Arun Yadav) ने किया। मध्य प्रदेश चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष आरसी खुंटिया ने प्रतिनिधियों से प्रस्ताव के पक्ष-विपक्ष में हाथ उठवाए। सभी ने दोनों हाथ उठाकर सर्वसम्मति जताकर प्रस्ताव पारित किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने संगठन में निर्वाचन की कार्रवाई पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि आपकी निष्ठा ही पार्टी की ताकत है। 

loksabha election banner

भाजपा की नीतियों और संगठन से है मुकाबला

कमल नाथ (Kamal Nath) ने कहा कि कांग्रेस की संस्कृति जोड़ने की रही है। आज इसी पर आक्रमण हो रहा है। समाज को जाति और धर्म के आधार पर बांटा जा रहा है। हमारा मुकाबला भाजपा की नीतियों और उसके संगठन से है। चुनाव में अब एक साल का समय ही बचा है। आप सभी पूरी ताकत से जुट जाएं। कांग्रेस सरकार के कामों को लेकर मैदान में जाएं। किसी से डरने की जरूरत नहीं है, क्योंकि हमने अपने कार्यकाल में नीति और नियत का परिचय दिया है। राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) मध्य प्रदेश में 16 दिन निकलेगी। यात्रा से भाजपा के पेट में दर्द हो रहा है। इससे ध्यान मोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। हमें अधिक से अधिक लोगों को यात्रा से जोड़ना है।

जो प्रतिनिधि नहीं बन पाए, उन्हें साथ लेकर चलें  

प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी जयप्रकाश अग्रवाल ने कहा कि पांच साल में यह मौका आता है, जिसमें कुछ प्रतिनिधि के रूप में चुने जाते हैं और कुछ रह जाते हैं। जो प्रतिनिधि नहीं बन पाए हैं, उन्हें साथ लेकर चलना आपकी जिम्मेदारी है। मप्र विधानसभा चुनाव (MP Assembly Election 2023) में एक साल बचा है, पूरी ताकत से जुट जाएं। मैं हर जिले में जाऊंगा और सबसे मिलूंगा। उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे लोगों की कोई निष्ठा नहीं होती है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं, जिससे भाजपा परेशान होने लगी है।

26 लाख नए सदस्य बनाए 

मध्य प्रदेश चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष आरसी खुंटिया ने संगठन चुनाव की प्रक्रिया के बारे में प्रतिनिधियों को बताया और कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के 26 लाख नए सदस्य बनाए गए हैं। प्रदेश पदाधिकारियों के सहयोग से प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि का चयन किया गया है। सबको मिलकर संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम करना है। बैठक में 487 निर्वाचित और 70 मनोनीत प्रदेश प्रतिनिधि, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव संजय कपूर, सुधांशु त्रिपाठी, सीपी मित्तल, कुलदीप इंदौरा सहित प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित थे।

यह भी पढ़ेंः मप्र में सत्यनारायण जटिया और रामशंकर कठेरिया मिलकर जीतेंगे एससी वर्ग का भरोसा


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.