इंदौर में कुछ युवकों ने सड़क पर मचाया उत्पात, पुलिस ने की पांच की पहचान; CM शिवराज ने लिया संज्ञान
मध्य प्रदेश के इंदौर में गुरुवार रात कुछ युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान कुछ लोगों ने पहले एक प्रेमी जोड़े को पीटा बाद में उनको बचाने वाले युवकों पर भी जानलेवा हमला किया। पुलिस ने पांच लोगों की शिनाख्त कर ली है और प्रकरण दर्ज किया है।
इंदौर (मध्य प्रदेश), ऑनलाइन डेस्क। मध्य प्रदेश के इंदौर में गुरुवार रात कुछ युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान कुछ लोगों ने पहले एक प्रेमी जोड़े को पीटा, बाद में उनको बचाने वाले युवकों पर भी जानलेवा हमला किया।
पुलिस ने पांच लोगों की शिनाख्त कर ली है और प्रकरण दर्ज किया है। मामले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संज्ञान लिया है।
बता दें कि ये घटना तुकोगंज थाना क्षेत्र की है। मेडिकल का छात्र भावेश सुनहरे साथ पढ़ने वाली नसरीन सुल्ताना के साथ मदनी होटल में खाना खाने गए थे। जैसे ही वह खाना खाकर लौट रहे थे, तो ग्वालटोली में उन्हें कुछ युवकों ने घेर लिया और मारपीट की।
उनसे बचकर दोनों धेनु मार्केट आए और वहां से बाल विनय मंदिर स्कूल की ओर भागे। यहां भी बदमाश उनके पीछे आए तो वह ब्रिज की ओर गए।
इस दौरान उन्हें बचाने कुछ अन्य लोग आए तो उन युवकों ने उन पर भी हमला किया। इसमें यश जोशी और कई अन्य लोगों को चोट लगी है। हालांकि उन्होंने भावेश को बचाकर भगा दिया।
पुलिस ने मामले में 5 लोगों की पहचान कर ली है और ग्वालटोली और तुकोगंज थाने में दो प्रकरण दर्ज कर लिए हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने इस घटना का संज्ञान लिया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।