यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 01, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
MP News: सीएम शिवराज का अहम फैसला, सड़कों की हालत सुधारने के लिए 2990 करोड़ रुपये की राशि मंजूर
Madhya Pradesh News मध्य प्रदेश में सड़कों की हालत अब जल्द सुधरने वाली है। इसके लिए प्रदेश के सीएम शिवराज ...और पढ़ें

भोपाल, ऑनलाइन डेस्क। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अहम घोषणा की है। शिवराज सिंह ने शहरों में सड़कों की मरम्मत, निर्माण और रखरखाव के लिये सरकारी खजाने का पिटारा खोल दिया है। शिवराज सिंह ने इसके लिए 2990 करोड़ रूपये की स्वीकृति दी है।
निधि योजना में 590 करोड़ रुपये
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने इसको लेकर जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023-24 में कायाकल्प अभियान के द्वितीय चरण के लिये 1200 करोड़ रुपये, विशेष केंद्रीय सहायता (शहरी सुधार कार्यक्रम) के मास्टर प्लान की और 18 मीटर से अधिक प्रमुख सड़कों के निर्माण के लिये 1200 करोड़ रुपये और शहरी अधो-संरचना विकास निधि योजना में 590 करोड़ रुपये स्वीकृत किये गये हैं।
गुणवत्ता नियंत्रण के लिए भी रखा अंश
कायाकल्प अभियान के दूसरे चरण में स्वीकृत राशि का 3 प्रतिशत अंश गुणवत्ता नियंत्रण और अन्य प्रशासनिक व्यय के लिये रखा गया है। गुणवत्ता नियंत्रण के लिये स्टेट क्वालिटी मॉनीटर नियुक्त किये गये हैं। निर्माण स्थल के कार्यों के पूर्व एवं पश्चात के जियोटेग फोटो लिये जा रहे हैं। संभागवार मोबाइल टेस्ट लेब स्थापित की गयी है। गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिये कार्यवार इंजीनियर्स को नामजद कर जवाबदेही सुनिश्चित की जायेगी। इंजीनियर्स को कौशल उन्नयन का प्रशिक्षण दिया जायेगा। शहरी अधो-संरचना विकास निधि योजना में किये जाने वाले कार्य 5 करोड़ से कम के नहीं होंगे।
